दो दिन से लापता युवक का कोंडेश्वर तालाब में मिला शव
मृतक युवक अमरावती शहर के विलास नगर का रहने वाला

अमरावती/दि.20 – दो दिन से घर से लापता एक 28 वर्षीय युवक का शव बडनेरा थाना क्षेत्र में आने वाले कोंडेश्वर तालाब में बरामद होने से खलबली मच गई है. मृतक युवक की शिनाख्त अमरावती शहर के विलास नगर निवासी पंकज मोरवाल के रुप में हुई है. जानकारी के मुताबिक पंकज मोरवाल (28) नामक युवक मंगलवार 18 अगस्त से घर से लापता था. वह गिरीराज कालोनी के पास झोपडपट्टी में रहने वाले अपने नाना के घर मंगलवार को आया था, तब से वह घर से लापता था. उसकी सभी तरफ तलाश की गई थी. लेकिन कही पता नहीं चला था. आज गुरुवार 20 अगस्त को बडनेरा थाना क्षेत्र में आने वाले कोंडेश्वर परिसर के तालाब में पंकज का शव बरामद हुआ. तालाब के तट पर पंकज के पैंट, शर्ट, मोबाइल और डायरी मिलने के बाद उसके तालाब में डूबने की आशंका जतायी गई थी. बुधवार की रात के समय यह घटना प्रकाश में आने के बाद बडनेरा पुलिस और रेक्स्यू दल ने रात के अंधेरे में तालाब में खोज अभियान चलाया. लेकिन घना अंधेरा रहने के कारण खोज अभियान को रोक दिया गया. पश्चात गुरुवार 20 अगस्त को सुबह बडनेरा जुनी बस्ती के पार्षद नाना आमले, वायएसपी के मुकेश उसरे, पीएसआई अनिल सावरकर, रेक्स्यू दल के साथ तालाब परिसर में पहुंचे. कुछ ही समय में पंकज का शव तालाब से बाहर निकाला गया. पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया है. खोज अभियान के दौरान मृतक पंकज के परिजन समेत क्षेत्र के नागरिक बडी संख्या में घटनास्थल पर उपस्थित थे. रेक्स्यू दल ने विशाल निमकर, कौस्तुभ वैद्य, पीएस गायकवाड, दीपक भोइटे, गोकुल मुंडे, राहुल कुरवाडे, धीरज यावले और मोहसीन खान का समावेश था. पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरु की है.