नागपुर तक पहुंची लॉरेंस बिश्नोई गैंग?

10 लाख की रंगदारी मांगकर जान से मारने की धमकी

* एटीएस ने शुरु की जांच-पडताल
नागपुर/दि.20 – राणा प्रतापनगर थाना क्षेत्र के सुर्वेनगर निवासी 60 वर्षीय व्यक्ति और कनाडा में रहने वाली उनकी बेटी को 10 लाख रुपये की रंगदारी के लिए जान से मारने की धमकी दी गई है. धमकी भरे ई-मेल में कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने नागपुर पुलिस आयुक्तालय से संपर्क कर जानकारी मांगी है.
* कनाडा में रहने वाली बेटी को धमकी ई-मेल
जानकारी के अनुसार, सुर्वेनगर निवासी बुजुर्ग की बेटी वर्तमान में कनाडा में रहती है. सोमवार शाम उन्हें लॉरेंस गैंग के नाम से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाला ई-मेल मिला. पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. इसके बाद परिवार ने नागपुर पुलिस के साथ-साथ कनाडा पुलिस को भी इसकी सूचना दी. बताया जा रहा है कि कनाडा में बिश्नोई गैंग का नेटवर्क सक्रिय होने के कारण वहां की सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले को गंभीरता से ले रही हैं. मामले की जानकारी दिल्ली और पंजाब की संबंधित सुरक्षा एजेंसियों तक भी पहुंचने की बात सामने आई है.
* साइबर पुलिस भी कर रही समानांतर जांच
घटना की गंभीरता को देखते हुए राणा प्रतापनगर पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वहीं, कनाडा पुलिस में भी शिकायत किए जाने के बाद दोनों देशों की जांच एजेंसियों के बीच जानकारी साझा किए जाने की संभावना है. नागपुर साइबर पुलिस को ई-मेल के स्रोत, भेजने वाले की पहचान और डिजिटल सुरागों की जांच के निर्देश दिए गए हैं.
* विदर्भ से भी युवाओं के गैंग से जुड़ने की जानकारी
लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम देश के कई चर्चित अपराध मामलों में सामने आ चुका है. पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला और बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी इस गैंग का नाम सामने आया था. इसके अलावा अभिनेता सलमान खान के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी के मामले में भी बिश्नोई गैंग का नाम जांच में सामने आया था. जांच एजेंसियों के अनुसार, विदर्भ के कुछ युवाओं के भी इस गैंग से जुड़े होने की जानकारी पहले सामने आ चुकी है. खासकर अकोला का एक कुख्यात अपने-आप को बिष्णोई गैंग से संबंध बता चुका है. ऐसे में नागपुर में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम से रंगदारी की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं. हालांकि, धमकी देने वाला वास्तव में बिश्नोई गैंग से जुड़ा है या महज गैंग के नाम का इस्तेमाल कर रहा है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा.

Back to top button