एक ही दिन के दौरान संकलित हुआ 1200 यूनिट रक्त
जिला देशी मद्य विक्रेता संघ के अध्यक्ष दीपक गुडधे की एक महीने की मेहनत रंग लाई

* 15 अगस्त को स्वाधिनता दिवस पर होटल महफिल में आयोजित हुआ था रक्तदान शिविर
* जिले भर से रक्तदान करने हेतु स्वयंस्फूर्त तौर पर उमडे रक्तदाता, जबरदस्त रहा आयोजन
अमरावती /दि.20- स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को अमरावती जिला देशी मद्य विक्रेता संघ द्वारा आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने जिले में सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का नया उदाहरण प्रस्तुत किया. स्थानीय कैंप क्षेत्र स्थित होटल महफिल में आयोजित इस शिविर में रिकॉर्ड 1200 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया, जिसकी सफलता के पीछे संघ के अध्यक्ष एवं प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक यादवराव गुडधे की लगातार एक माह तक चली मेहनत को प्रमुख कारण माना जा रहा है.
जानकारी के मुताबिक, 15 अगस्त को स्वाधिनता दिवस का औचित्य साधते हुए रक्तदान शिविर का आयोजन करने की योजना बनते ही जिला मद्य विक्रेता संघ के दीपक गुडधे ने इसे केवल एक कार्यक्रम तक सीमित न रखते हुए जनसेवा का अभियान बना दिया. उन्होंने पूरे जिले का दौरा कर देशी मद्य व्यवसाय से जुड़े दुकानदारों और कर्मचारियों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया. इस दौरान उन्होंने लगभग 150 कंट्री लिकर शॉप संचालकों के साथ बैठकें कर रक्तदान के महत्व को समझाया और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया. उनके आह्वान का असर यह रहा कि स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित शिविर में बड़ी संख्या में मद्य विक्रेता, उनके कर्मचारी और अन्य नागरिक स्वेच्छा से रक्तदान के लिए पहुंचे. परिणामस्वरूप एक ही दिन में 1200 यूनिट रक्त का संग्रह हुआ, जो जिले के सामाजिक आयोजनों में उल्लेखनीय उपलब्धि मानी जा रही है.
संघ से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि शिविर में संकलित रक्त भविष्य में जरूरतमंद मरीजों के उपचार के लिए उपयोगी साबित होगा. वहीं आयोजन से जुड़े लोगों का मानना है कि इस सफलता का बड़ा श्रेय दीपक गुडधे द्वारा किए गए व्यापक जनसंपर्क और संगठनात्मक प्रयासों को जाता है. बताया जा रहा है कि शिविर में संग्रहित कुल रक्त में से लगभग एक हजार यूनिट रक्तदानकर्ताओं की सहभागिता सीधे तौर पर उनके प्रेरक अभियान का परिणाम रही.
रक्तदान शिविर की सफलता के बाद सामाजिक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई संगठनों ने अमरावती जिला देशी मद्य विक्रेता संघ तथा दीपक गुडधे के प्रयासों की सराहना की है. यह आयोजन इस बात का उदाहरण बना कि यदि सामाजिक सरोकार के साथ संगठित प्रयास किए जाएं तो बड़े स्तर पर जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है. इस आयोजन की सफलता के लिए महारक्तदान शिविर कार्यकारिणी के अध्यक्ष नितीन देशमुख, उपाध्यक्ष दीपक गुडधे व अनिल भामोरे, महासचिव सचिन हिवसे, सचिव सागर भेटालू व गजानन राजगुरे तथा कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल द्वारा महत प्रयास किए गए.

* धारणी के नगराध्यक्ष सुनील चौथमल ने दिलाया 111 यूनिट रक्त
विशेष उल्लेखनिय है कि, अमरावती जिला देशी मद्य विक्रेता संघ की ओर से आयोजित रक्तदान शिविर को समाज के विभिन्न वर्गोें से भी जबरदस्त प्रतिसाद मिला. जिसके तहत धारणी नगर पंचायत के नगराध्यक्ष सुनील चौथमल ने दीपक गुडधे द्वारा किए गए आवाहन को जबरदस्त प्रतिसाद दिया तथा नगराध्यक्ष सुनील चौथमल अपने साथ 111 रक्तदाताओं को साथ लेकर विगत 15 अगस्त को होटल महफिल में आयोजित रक्तदान शिविर में शामिल होने पहुंचे. इस समय नगराध्यक्ष चौथमल के साथ धारणी से अमरावती आए सभी 111 रक्तदाताओं ने स्वयंस्फूर्त रूप से रक्तदान किया.





