214 ग्राम एमडी ड्रग्स मामले का मास्टरमाइंड मंदसौर से गिरफ्तार

क्राइम ब्रांच की मध्यप्रदेश में कार्रवाई

अमरावती/दि.22 – नागपुरी गेट पुलिस थाना क्षेत्र में दर्ज 214 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स के मामले में क्राइम ब्रांच यूनिट क्रमांक-1 ने कार्रवाई करते हुए कथित मुख्य मास्टरमाइंड को मध्य प्रदेश के मंदसौर से गिरफ्तार किया है. आरोपी का नाम मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में आने वाले मुलतानपुरा निवासी तौसीफ मलका मंजूर मलका है.
इस मामले में 23 जुलाई को क्राइम ब्रांच यूनिट-1 के सहायक निरीक्षक दशरथ आडे की शिकायत पर नागपुरी गेट पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-1 को सौंपी गई. जांच के दौरान पुलिस ने पहले अमरावती के पाटीपुरा निवासी सईद खान शरीफ खान (41) को 23 जुलाई को गिरफ्तार किया था. इसके बाद जांच में सामने आए इंदौर खजराना निवासी आरोपी यूनुस मोहम्मद रमजान (43) को 28 जुलाई को 20.5 ग्राम एमडी के साथ गिरफ्तार किया गया. पूछताछ और आगे की जांच में तौसीफ मलका का नाम मामले के मुख्य मास्टरमाइंड के रूप में सामने आया. इसके बाद क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जानकारी और अन्य स्रोतों से आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी. 19 अगस्त को टीम मंदसौर रवाना हुई. स्थानीय पुलिस की मदद से क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भेष बदलकर जाल बिछाया और 20 अगस्त को मुल्तानपुरा, मंदसौर से तौसीफ मलका को गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस अब आरोपी से ड्रग्स की खरीद-फरोख्त, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और आर्थिक लेन-देन के संबंध में पूछताछ कर रही है. मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है. यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला, पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, पुलिस उपायुक्त प्रांजलि सोनवणे तथा सहायक पुलिस आयुक्त नीलेश ब्राह्मणे के मार्गदर्शन में क्राइम ब्रांच के निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर, सहायक निरीक्षक मनीष वाकोडे, दशरथ आडे, एएसआई फिरोज खान, हेड कांस्टेबल मंगेश लोखंडे, संभाजी केंद्रे, संजय भारसाकले, नाजीमोद्दीन सैयद, सचिन भोयर, रंजीत गावंडे, नरेश मोहरील, सूरज चव्हाण, सागर ठाकरे, निखिल गेडाम, चालक चेतन शर्मा, प्रभात पोकले, साइबर के सहायक निरीक्षक अनिकेत कासार, जवान रोशन लकडे, सुषमा आठवले के दल ने की.

Back to top button