समृद्धि महामार्ग पर भीषण हादसा, एक की मौत, 9 घायल

सिंदखेड राजा के पास टायर फटने से पलटी स्कॉर्पियो, 7 की हालत गंभीर

सिंदखेड राजा/दि.26 – सिंदखेड राजा तहसील में समृद्धि महामार्ग पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 9 लोग घायल हो गए. इनमें 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा स्कॉर्पियो का पिछला टायर फटने के बाद वाहन के अनियंत्रित होकर पलट जाने से हुआ.
जानकारी के मुताबिक सीजी-08/बीसी-4405 नंबर की स्कॉर्पियो नासिक से नागपुर की ओर जा रही थी. रविवार सुबह करीब 11.30 बजे समृद्धि महामार्ग के नागपुर कॉरिडोर में चैनल नंबर 335 के पास अचानक स्कॉर्पियो का बायां पिछला टायर फट गया. टायर फटने के बाद चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और स्कॉर्पियो कई बार पलट गई. हादसे में अमन साहू (25) गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई. हादसे में चालक समेत 9 लोग घायल हुए हैं. इनमें 7 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. घायलों में टीकेस बंदे, रवि साहू, यश साहू, देवेश साहू, हेमंत विश्वकर्मा, वासु साहू, विक्की साहू, किशन विश्वकर्मा और नवीन साहू शामिल हैं. सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से जालना के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया.

* पुलिस ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस उपनिरीक्षक अनीता विरशीद के साथ पुलिसकर्मी सागर कोल्हे, धीरज चंदन, सागर कुटे और शिवाजी बरगाजे तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और दुर्घटना के कारण मार्ग पर प्रभावित यातायात को सुचारू कराया. प्राथमिक जानकारी के अनुसार, टायर फटने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलटा. पुलिस द्वारा हादसे की आगे की जांच की जा रही है.

Back to top button