निराधार के पैसों के लिए पिता ने की बेटे की हत्या

कुल्हाडी से किये वार, बाभुलगांव थाना क्षेत्र की घटना

बाभुलगांव/दि.27 – निराधार योजना के पैसों के लिए पिता द्वारा दिव्यांग बेटे की कुल्हाडी से वार कर हत्या किये जाने की घटना बुधवार की दोपहर में बाभुलगांव थाना क्षेत्र में आने वाले सरुल गांव में घटित हुई. मृतक का नाम अरविंद मेश्राम (30) है. जबकि आरोपी पिता का नाम भीमराव मेश्राम (71) है.
जानकारी के मुताबिक मृतक अरविंदं मेश्राम यह दिव्यांग था. उसका दैनंदीन जीवन यह परिवार पर अवलंबित था. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक घरकुल और निराधार योजना से मिले पैसे व्यसनपूर्ति के लिए भीमराव ने बेटे अरविंद से मांगे थे. उसने पैसे देने से इंकार कर दिया. इस बात को लेकर उनमें विवाद हो गया. इस विवाद के चलते भीमराव ने संतप्त होकर कुल्हाडी से अरविंद के आंख, कान और गाल पर वार किये. इस हमले में गंभीर रुप से घायल हुए अरविंद की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही बाभुलगांव पुलिस का दल घटनास्थल पर आ पहुंंचा. पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरु की. इस प्रकरण में मृतक की मां प्रेमिला मेश्राम ने शिकायत दर्ज की. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरु की है.

Back to top button