एक्साइज अधीक्षक एसीबी के रडार पर

सब-इंस्पेक्टर आकाश जाधव को न्यायिक हिरासत

* 2.50 लाख रुपये रिश्वत लेने का मामला
अमरावती/दि.29- स्टेट एक्साइज विभाग के अचलपुर कार्यालय में 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए सब-इंस्पेक्टर आकाश जाधव को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. इस मामले की जांच का दायरा अब बढ़ता नजर आ रहा है. अमरावती के स्टेट एक्साइज विभाग के अधीक्षक शशिकांत गर्जे भी एसीबी के रडार पर आ गए हैं. एफआईआर, मूल शिकायत और सत्यापन के दौरान हुई बातचीत में अधीक्षक के नाम का उल्लेख होने की बात सामने आई है.
एफआईआर के मुताबिक अचलपुर स्थित स्टेट एक्साइज कार्यालय में कार्यरत सब-इंस्पेक्टर आकाश जाधव (34) ने एक रेस्टोरेंट एवं बार के लिए एफएल-3 लाइसेंस दिलाने के बदले शिकायतकर्ता से कुल 8 लाख रुपये की मांग की थी. इसमें से 3 लाख रुपये स्वयं के लिए और 5 लाख रुपये अधीक्षक के लिए देने की बात कही गई थी. रिश्वत की मांग से परेशान शिकायतकर्ता ने 12 अगस्त को नागपुर एसीबी में लिखित शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के सत्यापन के बाद एसीबी ने कार्रवाई की और जाधव को 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया.
* वॉइस रिकॉर्डर में बातचीत दर्ज
एसीबी की टीम ने 24 अगस्त को अचलपुर स्थित एक्साइज कार्यालय में जाल बिछाया. सत्यापन के दौरान जाधव द्वारा रिश्वत की रकम को लेकर की गई बातचीत एसीबी के वॉइस रिकॉर्डर में दर्ज होने की जानकारी है. इसके बाद जाधव को 2.50 लाख रुपये स्वीकार करते हुए गिरफ्तार किया गया. नागपुर एसीबी के पुलिस निरीक्षक राहुल चव्हाण की शिकायत पर परवाड़ा पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है. एफआईआर में एक्साइज अधीक्षक शशिकांत गर्जे का भी उल्लेख होने से जांच महत्वपूर्ण हो गई है.
* अधीक्षक छुट्टी पर
जाधव को पुलिस कस्टडी में लेने के बाद 27 अगस्त को एसीबी ने उसे अदालत में पेश किया. अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. अब एसीबी इस कथित रिश्वतखोरी की पूरी श्रृंखला की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं. मामले में एक्साइज अधीक्षक शशिकांत गर्जे की भूमिका की भी जांच की जाएगी और उनका बयान दर्ज किए जाने की संभावना है. प्रतिक्रिया जानने के लिए गर्जे से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कार्यालय से बताया गया कि वे छुट्टी पर हैं. उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी. डिप्टी सुपरिटेंडेंट रमेश ताले के मुताबिक अदालत ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. एफआईआर और आरोपी के बयानों के आधार पर आगे की जांच जारी है.

Back to top button