बडनेरा आधार केंद्र में भावपूर्ण रक्षाबंधन समारोह

बुजुर्गों को मिला परिवार का स्नेह

* ज्योती राठोड़ और राजीव बसवनाथे ने बांधी राखी
* स्नेहभोज के जरिए दिया मानवता का संदेश
अमरावती/दि.29 – अमरावती मनपा एवं पब्लिक एज्युकेशन सोसायटी द्वारा संचालित आधार शहरी बेघर निवारा केंद्र, बडनेरा में एक हाथ मदद का परिवार की ओर से रक्षाबंधन का भावपूर्ण समारोह बड़े उत्साह और आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया.
जिन बुजुर्ग आजी-आजोबाओं का अपना परिवार नहीं है और जिनके बच्चे या परिजन उनके साथ नहीं हैं, उनके लिए यह रक्षाबंधन का पर्व स्नेह और अपनत्व लेकर आया. इस अवसर पर आधार केंद्र की व्यवस्थापिका ज्योती राठोड़ और संचालक राजीव बसवनाथे ने केंद्र में रहने वाले सभी बुजुर्गों को राखी बांधी. इसके साथ ही उनका मुंह मीठा कराया गया और सभी के लिए स्नेहभोज का आयोजन किया गया. इस दौरान ज्योती राठोड़ और राजीव बसवनाथे ने बुजुर्गों से कहा कि आप अकेले नहीं हैं, हम आपका परिवार हैं. आपका आने वाला जीवन और अधिक खुशहाल एवं स्वस्थ हो, यही हमारी कामना है. इस आत्मीय पहल से बुजुर्गों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी और कई लोगों की आंखों में भावुकता के आंसू छलक आए. उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को राखी बांधकर भाई-बहन के रिश्ते की आत्मीयता को फिर से महसूस किया.
रक्षाबंधन के इस अवसर पर राखी का धागा केवल भाई-बहन के रिश्ते का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि बिना किसी रक्त संबंध के भी मानवता, अपनत्व और संवेदना के रिश्ते को मजबूत करने का माध्यम बना. घर-परिवार से दूर रह रहे बुजुर्गों के लिए यह आयोजन वास्तव में परिवार के स्नेह का एहसास कराने वाला साबित हुआ. समारोह में आधार केंद्र की पूरी टीम, देखभाल करने वाले कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में निवासरत बुजुर्ग उपस्थित थे. रक्त का रिश्ता नहीं, लेकिन ममता का धागा मजबूत है-इस भावना के साथ आयोजित यह रक्षाबंधन समारोह मानवता और सामाजिक संवेदना का सुंदर संदेश दे गया.

Back to top button