घर बेचने का सौदा कर दो लाख रुपए की ठगी
रजिस्ट्री के लिए नहीं पहुंचे मकान मालिक और मध्यस्थी

* रकम वापस मांगने पर धमकी देने का आरोप
दर्यापुर /दि.29– जिले के दर्यापुर थाना क्षेत्र के साईनगर में मकान बेचने का सौदा करने के बाद खरीदार से दो लाख रुपए एडवांस लेने और बाद में रजिस्ट्री के लिए उपस्थित नहीं होने का मामला सामने आया है. शिकायतकर्ता महिला ने मकान मालिक और मध्यस्थी पर धोखाधड़ी कर रकम हड़पने तथा पैसे वापस नहीं करने का आरोप लगाया है. दरियापुर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक दर्यापुर के साईनगर निवासी शिकायतकर्ता दीपारानी अजयकुमार सिरसाट (35) ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि वह और उनके पति 28 नवंबर 2025 को मकान की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया के लिए तहसील कार्यालय, दर्यापुर पहुंचे थे. मकान मालिक सागर अरुण वाकोडे और मध्यस्थी राजेश रामरतन वाकोडे को भी वहां उपस्थित होना था, लेकिन दोनों कथित तौर पर नहीं पहुंचे. शिकायतकर्ता के मुताबिक उन्होंने मध्यस्थ राजेश वाकोडे को फोन किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया. करीब 8 से 10 दिन बाद दोबारा संपर्क करने पर उसने कथित तौर पर कहा कि उसे निर्धारित तारीख की जानकारी नहीं थी. मकान मालिक से संपर्क करने पर भी कथित तौर पर टालमटोल वाला जवाब दिया गया.
शिकायत में बताया गया है कि मकान बेचने का भरोसा दिलाकर दोनों आरोपियों ने शिकायतकर्ता से चेक के माध्यम से दो लाख रुपए एडवांस के रूप में लिए थे. इसके बदले ईसार पावती भी दी गई थी. इसके बावजूद रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी करने के लिए दोनों उपस्थित नहीं हुए और रकम भी वापस नहीं की गई. रकम वापस मांगने पर मकान मालिक द्वारा कथित तौर पर पैसे लौटाने से इंकार करते हुए शिकायतकर्ता को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है. शिकायतकर्ता का कहना है कि मकान खरीदने के लिए रकम देने के बावजूद न तो सौदा पूरा किया गया और न ही पैसे वापस किए गए, जिससे उसे आर्थिक नुकसान हुआ. दर्यापुर पुलिस ने शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. पुलिस अब चेक, ईसार पावती, लेन-देन और मकान की खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है.





