पीएसआय ने ट्रेन के सामने कूदकर दी जान
वर्दी में मिला शव, पुलिस विभाग में हड़कंप

* खटकाली रेलवे ओवरब्रिज के नीचे की घटना
* दो महीने पहले ही परभणी से हिंगोली हुआ था तबादला
हिंगोली/दि.29 – हिंगोली शहर में शनिवार सुबह एक पुलिस उपनिरीक्षक ने चलती ट्रेन के सामने कूदकर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. घटना खटकाली रेलवे ओवरब्रिज के नीचे सुबह करीब 8.30 बजे हुई. मृतक की पहचान अमोल गंगलवाड़ (50) के रूप में हुई है. घटना के समय वे पुलिस की वर्दी में थे. इस घटना से हिंगोली जिला पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस उपनिरीक्षक अमोल गंगलवाड़ शनिवार सुबह खटकाली रेलवे ओवरब्रिज के पास पहुंचे थे. इसी दौरान पूर्णा की ओर से अकोला की दिशा में जा रही ट्रेन जैसे ही पुल के पास पहुंची, गंगलवाड़ ने अचानक ट्रेन के सामने छलांग लगा दी. ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई. घटना की जानकारी ट्रेन के लोको पायलट ने तत्काल स्टेशन मास्टर को दी. स्टेशन मास्टर से सूचना मिलने के बाद हिंगोली पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा. पुलिस अधीक्षक श्रेणिक लोढ़ा, शहर पुलिस थाने के निरीक्षक देवेंद्रसिंह ठाकुर, सहायक पुलिस निरीक्षक दीपककुमार मस्के, सहायक पुलिस उपनिरीक्षक संजय मार्के सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस को गंगलवाड़ का शव पुलिस वर्दी में मिला. शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दिया गया है.
जानकारी के मुताबिक, पीएसआय अमोल गंगलवाड़ का करीब दो महीने पहले ही परभणी से हिंगोली जिला पुलिस दल में तबादला हुआ था. वर्तमान में वे पुलिस नियंत्रण कक्ष में कार्यरत थे. उनके इस कदम के पीछे का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है. पुलिस अधीक्षक श्रेणिक लोढ़ा ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आत्महत्या के संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. जांच के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी.





