डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भवन के लिए निधि उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे
विधायक संजय खोडके का विद्यापीठ के शिष्टमंडल को आश्वासन

अमरावती /दि.1– संत गाडगेबाबा अमरावती विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भवन के निर्माण के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए जाएंगे. यह आश्वासन विधान परिषद सदस्य संजय खोडके ने विश्वविद्यालय के शिष्टमंडल को दिया.
विश्वविद्यालय में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भवन के निर्माण के लिए निधि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर विश्वविद्यालय के शिष्टमंडल ने विधायक संजय खोडके से मुलाकात कर उन्हें निवेदन सौंपा. शिष्टमंडल ने बताया कि विश्वविद्यालय में विभिन्न अध्यासन केंद्र कार्यरत हैं, जहां विद्यार्थी अध्ययन और शोध कार्य कर रहे हैं. विद्यार्थियों को एक ही स्थान पर विभिन्न विषयों से संबंधित अध्ययन, शोध और संदर्भ साहित्य उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भवन का निर्माण प्रस्तावित है. इस भवन की मांग पूर्व सीनेट एवं प्रबंधन परिषद सदस्य प्रा. डॉ. प्रफुल्ल गवई ने की थी. तत्कालीन प्रबंधन परिषद ने प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए विश्वविद्यालय परिसर में भवन के लिए जगह उपलब्ध कराने के साथ ही नक्शे और प्रस्तावित पांच मंजिला भव्य इमारत के आराखड़े को भी मंजूरी दी थी. इसके बाद प्रस्ताव शासन के पास भेजा गया, लेकिन निधि के अभाव में अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है.
विधायक खोडके ने कहा कि प्रस्तावित भवन को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण के अनुरूप विकसित किया जाएगा. यहां अध्ययन, प्रशिक्षण और शोध के साथ विभिन्न साहित्यिक सामग्री, संतों एवं महापुरुषों से संबंधित दस्तावेज, दुर्लभ साहित्य तथा भव्य फोटो गैलरी के माध्यम से युवा पीढ़ी को प्रेरणा और दिशा देने का प्रयास किया जाएगा. उन्होंने भवन के लिए आवश्यक निधि उपलब्ध कराने हेतु सकारात्मक प्रयास करने का विश्वास व्यक्त किया. इस अवसर पर डॉ. आंबेडकर अध्ययन केंद्र के सलाहकार सदस्य प्रा. डॉ. प्रफुल्ल गवई, परीक्षा एवं मूल्यांकन केंद्र के संचालक डॉ. नितीन कोली, डाटा अमरावती जिलाध्यक्ष डॉ. देवलाल आठवले, रमेश कटके, प्राचार्य डॉ. संजय खडसे, डॉ. रवि जुमले, प्रा. जगदीश गोवर्धन, डॉ. रत्नशिल खोब्रागडे, डॉ. वामन जवजांल, प्रविण मेश्राम, डॉ. रविकांत मैदंकर तथा प्रा. प्रथमेश गवई उपस्थित थे.





