शिव कांवड़ यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, मोर्शी शहर हुआ शिवमय

मोर्शी /दि.1 – मोर्शी शहर में पिछले पांच वर्षों से आयोजित की जा रही शिव कांवड़ यात्रा को इस वर्ष अभूतपूर्व प्रतिसाद मिला. हजारों शिवभक्तों की उपस्थिति में निकली भव्य कांवड़ यात्रा से पूरा मोर्शी शहर शिवमय हो गया. यात्रा को देखने के लिए सड़कों के दोनों ओर नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी. महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की.
यात्रा में आकर्षक धार्मिक झांकियां, विभिन्न देवी-देवताओं की मूर्तियां, ढोल-ताशों की गूंज और भक्तिमय वातावरण ने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया. कई स्थानों पर नागरिकों ने शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत किया. यात्रा में विधायक संतोष बांगर, विधायक बच्चू कडू, विधायक उमेश यावलकर, ब्रह्मचारी निर्मला नंदस्वामी, माधवदाजी महाराज, प्रीति बंड, शिवसेना जिलाध्यक्ष अरुण पडोले, आशीष धर्माले, मोर्शी नगर परिषद के उपाध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुर्‍हाडे, नगराध्यक्ष प्रतीक्षा गुल्हाने, नगरसेवक एवं शिव कांवड़ यात्रा उत्सव समिति के अध्यक्ष रवि गुल्हाने, योगेश गणेश्वर सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे और शिवभक्तों को शुभकामनाएं दीं. जयस्तंभ चौक पर उपस्थित गणमान्यों ने मार्गदर्शन करते हुए धार्मिक परंपराओं के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश दिया. इस अवसर पर नगर परिषद के नगरसेवक, शिव कांवड़ यात्रा उत्सव समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे.
* 251 कलशों के साथ सालबर्डी के लिए पैदल कांवड़ यात्रा
इस वर्ष की यात्रा का प्रमुख आकर्षण 251 कलशों के साथ पैदल कांवड़ यात्रा रहा. शिवभक्त सिर पर कलश और कंधों पर भव्य कांवड़ लेकर सालबर्डी के लिए पैदल रवाना होंगे. सालबर्डी पहुंचने के बाद महादेव के भुयार में जाकर महाआरती की जाएगी. इसके पश्चात समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस बार यात्रा में बड़ी संख्या में भव्य धार्मिक झांकियां और आकर्षक मूर्तियां तैयार की गई थीं, जिससे यात्रा की भव्यता और बढ़ गई. शिवभक्तों के जयघोष और ‘हर-हर महादेव’ के नारों से पूरा मोर्शी शहर गूंज उठा. कार्यक्रम का संचालन विनोद ढवले, संचालक, खरीद-बिक्री संघ मोर्शी ने किया. शिवभक्त कांवड़ यात्रा मंडल की ओर से आयोजित इस वर्ष की यात्रा मोर्शी शहर की अब तक की सबसे अधिक भीड़ वाली यात्राओं में से एक रही. नागरिकों के उत्स्फूर्त सहभाग, भक्तिमय वातावरण और भव्य धार्मिक झांकियों के कारण पूरे दिन शहर में भक्ति, उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा.

Back to top button