महिला आरक्षण पर पूर्व सीएम चव्हाण का सरकार पर निशाना
क्या आरएसएस किसी महिला को संघचालक बनाएगा?

* कुंभमेले के कामों में भ्रष्टाचार का आरोप
नाशिक /दि.2- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर सत्तारूढ़ भाजपा पर जोरदार हमला बोला. उन्होंने सवाल किया कि कांग्रेस महिला आरक्षण का विरोध करती है, यह किस मूर्ख ने कहा? चव्हाण ने दावा किया कि महिला आरक्षण की पहल करने वालों में कांग्रेस सबसे आगे रही है और 2023 में कांग्रेस ने संविधान संशोधन विधेयक भी लाया था. पृथ्वीराज चव्हाण ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर भी सवाल उठाते हुए कहा, महिला आरक्षण के जनक हम हैं. क्या आरएसएस किसी महिला को संघचालक बनाएगा? उन्होंने यह बयान नाशिक में मीडिया से बातचीत के दौरान दिया.
चव्हाण ने भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर भी सरकार को घेरा. उन्होंने आरोप लगाया कि हर पेपर लीक के पीछे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की जिम्मेदारी होती है. उन्होंने कहा कि पेपर करोड़ों रुपये में बेचे जाते हैं, लेकिन दोषियों को सजा नहीं मिलती. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शासनकाल में पेपर लीक का यह धंधा शुरू हुआ. साथ ही राज्य की सड़कों पर गड्ढों, कुंभमेले की तैयारियों और शक्तिपीठ महामार्ग को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा.
* कुंभमेले के कामों में भ्रष्टाचार का आरोप
चव्हाण ने आरोप लगाया कि कुंभमेले के प्रोजेक्ट की कोई स्पष्ट रिपोर्ट नहीं है और स्थानीय लोगों को विश्वास में लिए बिना काम किए जा रहे हैं. उन्होंने शक्तिपीठ महामार्ग में 40-40 प्रतिशत कमीशन लिए जाने का आरोप भी लगाया. उनके मुताबिक, ठेके चुनिंदा लोगों को दिए जा रहे हैं. चव्हाण ने बताया कि कांग्रेस का 10 दिवसीय शिविर नाशिक में चल रहा था, जिसके समापन कार्यक्रम में कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी पहुंचे. राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के कांग्रेस नेताओं के साथ महत्वपूर्ण बैठक की. बैठक में कुंभमेले के काम, शक्तिपीठ महामार्ग और किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, कुंभमेले के कामों में कथित भ्रष्टाचार का मुद्दा केंद्र सरकार के सामने उठाने की जानकारी भी राहुल गांधी ने कांग्रेस नेताओं को दी है. बैठक के बाद राहुल गांधी कांग्रेस के शिविर में शामिल होकर कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करने वाले हैं. शिविर में भाग लेने के लिए राज्य के विभिन्न हिस्सों से कांग्रेस कार्यकर्ता नाशिक पहुंचे हैं.





