50 लाख की फिरौती के लिए दिनदहाड़े बिल्डर का अपहरण
8 घंटे में पुलिस ने सुलझाई गुत्थी

उल्हासनगर /दि.2– शहर में एक नामी बिल्डर और एस्टेट एजेंट का 50 लाख रुपये की फिरौती के लिए दिनदहाड़े अपहरण किए जाने से हड़कंप मच गया. घटना की गंभीरता को देखते हुए उल्हासनगर पुलिस ने विशेष टीम गठित कर महज आठ घंटे में अपहृत कारोबारी को सुरक्षित छुड़ा लिया. मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है.
जानकारी के मुताबिक, उल्हासनगर के नामी बिल्डर और एस्टेट एजेंट जयराम नेहलानी का सोमवार सुबह अपहरण कर लिया गया था. बताया जा रहा है कि सफेद और काले रंग की स्कॉर्पियो में आए आरोपियों ने नेहलानी को जबरन अपनी गाड़ी में बैठाया और वहां से फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की. पुलिस ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए खडवली इलाके में दबिश दी. पुलिस की घेराबंदी देखकर आरोपी गाड़ी छोड़कर फरार हो गए. इसके बाद पुलिस ने नेहलानी को सुरक्षित बरामद कर लिया और एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की.
* सीसीटीवी में कैद हुई आरोपियों की रेकी
अपहरण से पहले आरोपियों द्वारा की गई रेकी गोल मैदान इलाके के एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है. फुटेज के आधार पर पुलिस अन्य आरोपियों की पहचान करने में जुटी है. पुलिस को संदेह है कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए आरोपियों ने वाहन की नंबर प्लेट भी बदली थी. मामले में अपहरण के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ है या फिर कारोबारी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया, इसकी जांच की जा रही है. नेहलानी की रिहाई के लिए उनके परिवार से 50 लाख रुपये की फिरौती मांगे जाने की जानकारी सामने आई है. पुलिस अब इस हाई प्रोफाइल अपहरण के मास्टरमाइंड और फरार आरोपियों तक पहुंचने में जुटी है.





