तो मैं फांसी ले लूंगी

जरांगे के सामने कलेक्टर आशिमा मित्तल का बयान

* अंतरवाली सराटी में सन्नाटा
जालना/दि.2 – मराठा आरक्षण की मांग को लेकर मनोज जरांगे पाटील का अंतरवाली सराटी में अनशन जारी है. बुधवार को अनशन का पांचवां दिन है. लगातार अनशन के कारण जरांगे पाटील की तबीयत बिगड़ रही है. वहीं, सरकार की ओर से उन्हें मनाने के प्रयास लगातार जारी हैं. इसी बीच मंगलवार को अधिकारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जरांगे पाटील से मुलाकात की. इस दौरान जालना की जिलाधिकारी आशिमा मित्तल के एक बयान से वहां मौजूद लोग कुछ देर के लिए हैरान रह गए.
सरकार के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा के बाद जिलाधिकारी आशिमा मित्तल और जालना के पुलिस अधीक्षक भी जरांगे पाटील से मिलने पहुंचे. इस दौरान मित्तल ने सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों और उठाए गए कदमों की जानकारी दी. हालांकि, उनकी बातों से जरांगे पाटील संतुष्ट नजर नहीं आए.
बातचीत के दौरान जरांगे पाटील ने मित्तल से पूछा कि क्या वह यहां सरकार का पक्ष रखने आई हैं? इस पर मित्तल ने कहा कि सरकार की ओर से अपनी बात रखना उनका काम है. इसके बाद जरांगे पाटील ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार की वजह से अच्छे-अच्छे लोगों पर भी फांसी लेने की नौबत आ गई है.
जरांगे पाटील के इस बयान को जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने शायद अपने संदर्भ में समझ लिया. उन्होंने कहा कि अगर नौकरी करते समय ऐसी स्थिति आती है तो वह फांसी लेने के लिए भी तैयार हैं. मित्तल के इस बयान के बाद कुछ क्षणों के लिए अंतरवाली सराटी में माहौल शांत हो गया.
इसके बाद जरांगे पाटील ने उन्हें रोकते हुए कहा कि आप जिलाधिकारी हैं और आपको फांसी जैसी भाषा नहीं बोलनी चाहिए. उन्होंने कहा कि किसी एक सवाल का समाधान नहीं कर पाने पर आपकी आलोचना हो सकती है, लेकिन इसके लिए इस तरह की बात करना उचित नहीं है. जरांगे पाटील ने मित्तल से कहा कि वह इस विवाद में खुद को न उलझाएं. उन्होंने कहा कि आप लोगों ने रात-दिन पढ़ाई करके यह मुकाम हासिल किया है. आपको सरकार में बैठे लोगों की बातों में आकर इस तरह की भाषा नहीं बोलनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने यूपीएससी और एमपीएससी की किताबें पढ़कर यह पद हासिल किया है, जबकि सरकार में बैठे कुछ मंत्री उन किताबों को पढ़ भी नहीं सकते. इस बीच जरांगे पाटील ने 12 सितंबर को मुंबई जाने का ऐलान भी किया है. उन्होंने मराठा समाज के लोगों से धीरे-धीरे मुंबई की ओर रवाना होने की अपील की है. साथ ही उन्होंने समर्थकों से आजाद मैदान में जाने से बचने की बात कही है.

Back to top button