अफवाहों से डरे विद्यार्थियों के बीच पहुंचे सांसद वानखड़े

साथ बैठकर किया भोजन

* डोमा आश्रमशाला में विद्यार्थियों का बढ़ाया मनोबल
* भूत-प्रेत की अफवाहों से नहीं डरने की दी सीख
अमरावती/दि.7– डोमा स्थित शासकीय आदिवासी आश्रमशाला में पिछले कुछ दिनों से भूत-प्रेत को लेकर तरह-तरह की अफवाहें फैलने के कारण विद्यार्थियों में डर का माहौल बना हुआ था. भय के चलते कुछ विद्यार्थी स्कूल आने से भी कतरा रहे थे. ऐसे में विद्यार्थियों के मन से डर दूर करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए अमरावती लोकसभा क्षेत्र के सांसद बलवंत वानखड़े स्वयं आश्रमशाला पहुंचे.
सांसद वानखड़े ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी परेशानियां और मन में चल रही शंकाएं जानीं. उन्होंने विद्यार्थियों को समझाया कि अफवाहों से घबराने के बजाय किसी भी बात की सच्चाई जानना जरूरी है. विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने के लिए उन्होंने उनके साथ पंगत में बैठकर शाम का भोजन भी किया. सांसद को अपने बीच बैठकर भोजन करते देख विद्यार्थियों में उत्साह और आत्मविश्वास का माहौल बना. उनके इस आत्मीय प्रयास से विद्यार्थियों के मन में बनी दहशत को कम करने में मदद मिली. इस अवसर पर डोमा आश्रमशाला के मुख्याध्यापक संजय चौधरी, सहदेव बेलकर, रोहित पटेल, राहुल येवले, राजेश सेमलकर, किशोर झाड़खंडे, विकी राठौड़, अधीक्षक आर.आर. कान्हे, जयकुमार झाड़खंडे सहित गांव के अनेक नागरिक उपस्थित थे. विद्यार्थियों के बीच पहुंचकर उनका मनोबल बढ़ाने तथा उनके साथ भोजन करने के सांसद वानखड़े के इस प्रयास की उपस्थित लोगों ने सराहना की.

Back to top button