एक ही दिन में 209 नागरिकों की शिकायतों का समाधान

अमरावती ग्रामीण पुलिस का शिकायत निवारण दिवस

अमरावती /दि.7– अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने ग्रामीण पुलिस यूनिट के सभी पुलिस थानों में प्रत्येक शनिवार को शिकायत निवारण दिवस आयोजित करने के निर्देश दिए हैं. इसके तहत पुलिस अधिकारियों को नागरिकों की शिकायतें सुनकर उनका तत्काल निवारण करने के आदेश दिए गए हैं.
इसी क्रम में 5 सितंबर को आयोजित शिकायत निवारण दिवस में पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम परतवाडा पुलिस स्टेशन में स्वयं उपस्थित रहे. वहीं, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता टोटेवाड़ आसेगांव पुलिस स्टेशन में मौजूद रहे. संबंधित विभागों के उपविभागीय पुलिस अधिकारी भी अपने-अपने कार्यक्षेत्र के पुलिस थानों में उपस्थित रहे. सभी पुलिस थानों के थानेदारों ने भी नागरिकों की शिकायतें सुनकर आवश्यक कार्रवाई की. इस शिकायत निवारण दिवस के दौरान अमरावती ग्रामीण पुलिस के विभिन्न पुलिस थानों में नागरिकों द्वारा प्रस्तुत की गई कुल 209 शिकायतों का समाधान किया गया.

* हर शनिवार पुलिस थाने पहुंचकर बताएं समस्या
अमरावती ग्रामीण पुलिस की ओर से नागरिकों से अपील की गई है कि वे प्रत्येक शनिवार आयोजित होने वाले शिकायत निवारण दिवस में अधिक से अधिक संख्या में अपने निकटतम पुलिस थाने पहुंचें और अपनी समस्याएं, शिकायतें एवं कठिनाइयां पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखें. पुलिस प्रशासन ने नागरिकों को उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

Back to top button