पूर्व विधायक श्रीकांत देशपांडे की कार दुर्घटनाग्रस्त

नीलगाय को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा

* चार लोग बाल-बाल बचे, जलगांव से शेगांव जाते समय दुर्घटना
* शेगांव तहसील के खेर्डा गांव के पास हुआ भीषण हादसा
अमरावती /दि.7- पूर्व विधायक श्रीकांत देशपांडे की कार का शेगांव तहसील के खेर्डा गांव के पास सोमवार को भीषण हादसा हो गया. अचानक सड़क पर नीलगाय आ जाने के कारण उसे बचाने के प्रयास में चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया. अनियंत्रित कार सड़क से उतरकर करीब 20 से 25 फीट नीचे जाकर पलट गई.
जानकारी के मुताबिक श्रीकांत देशपांडे समेत चार लोग जलगांव से शेगांव की ओर जा रहे थे. खेर्डा गांव के पास अचानक एक नीलगाय कार के सामने आ गई. चालक ने नीलगाय को बचाने के लिए तत्काल वाहन को मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे से नीचे उतर गई और पलटी हो गई. हादसा इतना भीषण था कि कार सड़क से काफी नीचे जाकर पलट गई. हालांकि, राहत की बात यह रही कि कार में सवार पूर्व विधायक श्रीकांत देशपांडे समेत चारों लोग सुरक्षित बच गए. किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है. दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के नागरिक घटनास्थल पर पहुंचे और कार में सवार लोगों की मदद की. हादसे में चारों लोगों के सुरक्षित बचने से बड़ी अनहोनी टल गई.

Back to top button