जुआ और अवैध शराब के खिलाफ लोकल क्राइम ब्रांच की कार्रवाई

तीन स्थानों पर छापेमारी, नकदी, शराब, मोबाइल और वाहन समेत लाखों का माल जब्त

अमरावती/दि.7– जिले में चोरी, सेंधमारी, मोटरसाइकिल चोरी समेत अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने तथा अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने ग्रामीण अपराध शाखा को दिए हैं. इसी क्रम में 4 सितंबर को ग्रामीण अपराध शाखा की विभिन्न टीमों ने मोर्शी और चांदूर रेलवे क्षेत्र में जुआ अड्डों तथा अवैध देशी शराब के खिलाफ कार्रवाई की.
* चांदूर रेलवे में जुआ अड्डे पर छापा
अपराध शाखा की टीम ने चांदूर रेलवे पुलिस थाना क्षेत्र के मारवाड़ी लाइन में ताश के पत्तों पर जुआ खेल रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की. चंदन उर्फ भल्ला सुरेश मारोटे (41) सहित कुल सात आरोपियों पर कार्रवाई की गई. मौके से 24,580 रुपये नकद और करीब 60 हजार रुपये कीमत की एक मोटरसाइकिल, कुल 84,580 रुपये का माल जब्त किया गया. इस मामले में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है.
* मोर्शी में अवैध देशी शराब जब्त
मोर्शी पुलिस थाना क्षेत्र के पुराने बस डिपो के पास बिना लाइसेंस देशी शराब का परिवहन करते हुए अजय साहेबराव धुर्वे (25), निवासी गिट्टीखदान, मोर्शी सहित तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई. टीम ने 9,600 रुपये कीमत की देशी शराब की दो पेटियां तथा करीब 70 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल, कुल 79,600 रुपये का माल जब्त किया. आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र शराबबंदी अधिनियम की धारा 65 (ए), 65 (ई) और 83 के तहत मामला दर्ज किया गया.
* हिवरखेड़ में जुआ अड्डे पर बड़ी कार्रवाई
मोर्शी थाना क्षेत्र के हिवरखेड़ गांव में भी लोकल क्राइम ब्रांच ने ताश के पत्तों पर जुआ खेलने वालों के खिलाफ छापा मारा. किशोर लक्ष्मणराव शिंदे (48), निवासी हिवरखेड़ सहित सात आरोपियों पर कार्रवाई की गई. इस दौरान 11,470 रुपये नकद, करीब 41 हजार रुपये के पांच मोबाइल फोन तथा करीब 10 हजार रुपये कीमत की पांच मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. कार्रवाई में 3.50 लाख रुपये नकद, 52 ताश के पत्ते और पीली तिरपाल समेत कुल करीब 4.02 लाख रुपये का माल जब्त किए जाने की जानकारी पुलिस ने दी. इस मामले में महाराष्ट्र जुआ प्रतिबंधक अधिनियम की धारा 12 (ए) के तहत मामला दर्ज किया गया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में ग्रामीण अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में की गई. उपनिरीक्षक आकाश शिवंकर, उपनिरीक्षक रोहित कुडाले और उनकी टीमों ने कार्रवाई में हिस्सा लिया.

Back to top button