पुरानी रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला
घर के गेट पर पहुंचते ही कोयते और चाइना चाकू से किए वार

* दो आरोपियो पर मामला दर्ज
अमरावती/दि.7- राजापेठ थाना क्षेत्र के बेलपुरा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर दो आरोपियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने की घटना सामने आई है. पहले बेलपुरा चौक में विवाद हुआ और अगले दिन आरोपियों ने युवक का पीछा करते हुए उसके घर तक पहुंचकर हमला कर दिया. घर के आंगन में लोहे का गेट खोलते समय आरोपियों ने युवक को घेर लिया और कोयते तथा चाइना चाकू से जान से मारने की नीयत से वार किए. हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घायल युवक का अस्पताल में उपचार जारी है. पीड़ित के भाई की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक शिकायतकर्ता संतोष रमेश भाटी बेलपुरा क्षेत्र में अपने परिवार के साथ रहते हैं और इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते हैं. उनके भाई अजय रमेश भाटी (33) और कपिल रमेश भाटी (29) हैं. आरोपी राज गणेश कुरील (24) और आशीष लक्ष्मीनारायण कुरील (26) भी बेलपुरा क्षेत्र में रहते हैं और पीड़ित परिवार से पहले से परिचित हैं. दोनों आरोपियों का अजय भाटी के साथ पुराने विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही थी. शिकायत के मुताबिक, 4 सितंबर की रात करीब 11 बजे अजय भाटी और दोनों आरोपियों के बीच पुराने विवाद को लेकर बेलपुरा चौक में झगड़ा हुआ. इस दौरान गाली-गलौज भी हुई. विवाद की जानकारी मिलने पर संतोष भाटी बेलपुरा चौक पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद वह अपने भाई अजय को घर लेकर चले गए.
हालांकि, आरोप है कि अगले दिन 5 सितंबर की सुबह करीब 8 बजे अजय किसी काम से बेलपुरा चौक गया था. इसी दौरान राज कुरील और आशीष कुरील वहां पहुंचे और पुराने विवाद को लेकर फिर से उससे झगड़ा करने लगे. वहां मौजूद अजय के भतीजे तुषार ठाकुर ने बीच-बचाव करते हुए अजय को समझाया और उसे घर ले जाने लगा. आरोप है कि दोनों आरोपी उनका पीछा करते हुए अजय के घर तक पहुंच गए. अजय जैसे ही घर के आंगन में पहुंचा और लोहे का गेट खोलने लगा, दोनों आरोपियों ने उसे घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी. मारपीट की आवाज सुनकर उसका भाई संतोष भी घर से बाहर आने लगा. इसी दौरान आरोपी राज गणेश कुरील ने अपने पास रखे कोयते से अजय के माथे के ऊपरी हिस्से और सिर के पीछे जान से मारने की नीयत से वार किए. वहीं, दूसरे आरोपी आशीष लक्ष्मीनारायण कुरील ने चाइना चाकू से अजय की पीठ पर दाहिने कंधे के पास वार कर दिया.
अचानक हुए हमले में अजय गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके शरीर से खून निकलने लगा. हमला करने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद संतोष भाटी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी. इसके बाद घायल अजय को ऑटो से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया. घटना के बाद बेलपुरा परिसर में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा. संतोष रमेश भाटी की शिकायत पर राजापेठ पुलिस ने आरोपी राज गणेश कुरील और आशीष लक्ष्मीनारायण कुरील के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है. पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले की आगे जांच जारी है.





