गाली-गलौज से रोकने पर पिता-पुत्र ने किया हमला

लाठी और लोहे की पाइप से मारपीट

* सिर में गंभीर चोट लगने पर अस्पताल में भर्ती
अमरावती/दि.7- गाडगे नगर थाना क्षेत्र के विलास नगर में गाली-गलौज करने से रोकने की बात को लेकर हुए विवाद में पिता-पुत्र ने एक व्यक्ति पर लाठी और लोहे की पाइप से हमला कर दिया. हमले में व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले में गाडगे नगर पुलिस ने आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घायल का नाम विलास नगर निवासी विजय भीमराव थोरात (40) है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर गणेश ताथोड़ और उसके बेटे आदित्य गणेश ताथोड़ के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
शिकायत के मुताबिक शनिवार 5 सितंबर की रात करीब 11 बजे विजय थोरात खाना खाने के बाद अपने घर के बाहर हाथ धो रहे थे. इसी दौरान उनके घर के पास रहने वाला आदित्य गणेश ताथोड़ गाली-गलौज कर रहा था. विजय ने उसे गाली-गलौज करने से रोका और इस तरह बात नहीं करने की समझाइश दी. इसी बात को लेकर आदित्य विजय से विवाद करने लगा. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. विजय का आरोप है कि इसी दौरान आदित्य और उसके पिता गणेश ताथोड़ ने मिलकर उन पर हमला किया. दोनों ने लाठी और लोहे की पाइप से विजय के साथ मारपीट की. हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और वे घायल होकर नीचे गिर पड़े.
घटना के बाद आसपास के लोगों में भी हलचल मच गई. गजानन विठ्ठल गवई और उनकी पत्नी संगीता ने घायल विजय को उपचार के लिए इर्विन अस्पताल पहुंचाया. वहां उनका उपचार शुरू किया गया और घटना की जानकारी पुलिस को दी गई. इलाज के बाद विजय ने गाडगे नगर पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपी पिता-पुत्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है.

Back to top button