अकोली की मदीना मस्जिद के मौजन मोहम्मद ज़मीर उमराह के लिए रवाना
स्थानीय लोगों ने किया इस्तेकबाल, मुल्क व समाज की खुशहाली के लिए दुआ की दरखास्त

अमरावती/दि.10- शहर से सटे अकोली क्षेत्र स्थित मदीना मस्जिद के मौजीन मोहम्मद जमीर साहब पवित्र सफर-ए-उमराह के लिए रवाना हुए. उनके उमराह के लिए रवाना होने की खबर मिलते ही स्थानीय लोगों एवं मस्जिद से जुड़े नमाजियों में खुशी का माहौल देखने को मिला. इस अवसर पर लोगों ने मोहम्मद जमीर साहब का गर्मजोशी से इस्तेकबाल किया तथा उन्हें उमराह की मुबारकबाद पेश करते हुए उनके सफल और खुशनुमा सफर के लिए शुभकामनाएं दीं.
मोहम्मद जमीर साहब के रवाना होने के अवसर पर स्थानीय लोगों ने उनसे विशेष रूप से मुल्क में अमन-ओ-अमान, समाज में भाईचारे, क्षेत्र की तरक्की और सभी लोगों की खुशहाली के लिए दुआ करने की दरखास्त की. इस दौरान लोगों ने कहा कि पवित्र मक्का-मदीना की यात्रा हर मुसलमान के लिए बड़ी खुशी और सौभाग्य का अवसर है. उमराह की इबादत के लिए रवाना हो रहे मोहम्मद जमीर साहब के लिए सभी ने नेक दुआएं कीं. इस अवसर पर मदीना मस्जिद के इमाम हाफिज मोइन खान साहब ने भी मोहम्मद जमीर साहब को उमराह की मुबारकबाद दी और उनके सफर के लिए दुआ की. उन्होंने कहा कि अल्लाह तआला उनका सफर आसान फरमाए, उनकी इबादतों को कबूल फरमाए और उन्हें सकुशल वापस लौटाए. इस्तेकबाल के दौरान अकरम पठान, अब्दुल जमीर, तस्लीम खान, हसन पठान, सैयद सलीम, असलम पठान, हफिज पठान, शाहरुख पठान, अनिस पठान, अफरोज पठान और फरदीन पठान सहित स्थानीय नागरिक एवं मस्जिद से जुड़े लोग मौजूद रहे. मोहम्मद जमीर साहब के उमराह के लिए रवाना होने पर उपस्थित लोगों ने उनके प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनसे अपील की कि पवित्र स्थलों पर इबादत के दौरान अमरावती, अकोली और समस्त देशवासियों के लिए अमन, तरक्की, खुशहाली और आपसी भाईचारे की दुआ जरूर करें.





