दुपहिया चोर दबोचा गया, वाहन जब्त

ग्रामीण अपराध शाखा की कार्रवाई

अमरावती/दि.10- अमरावती जिले से ग्रामीण क्षेत्र में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत ग्रामीण अपराध शाखा के दल ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में येवदा निवासी विजय उर्फ गजानन प्रभुदास रायबोले (23) को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 85 हजार रुपए मूल्य की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है.
जानकारी के मुताबिक अमरावती ग्रामीण जिले में मोटरसाइकिल चोरी की बढ़ती घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने अपराध शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इन मामलों की समानांतर जांच कर आरोपियों का पता लगाने तथा चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए थे. इसके तहत 9 सितंबर को दर्यापुर-अंजनगांव उपविभाग में रिकॉर्ड पर मौजूद आरोपियों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान एलसीबी के दल को जानकारी मिली कि गजानन उर्फ विजय प्रभुदास रायबोले ने एक काले रंग की मोटरसाइकिल चोरी कर उसे कहीं छिपाकर रखा है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने करीब एक वर्ष पहले 8 अगस्त 2025 को दर्यापुर तहसील के खुर्माबाद गांव से मोटरसाइकिल चोरी की थी. चोरी की मोटरसाइकिल को उसने येवदा स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में छिपाकर रखा था.
आरोपी की जानकारी के आधार पर लोकल क्राइम ब्रांच की टीम सरकारी अस्पताल, येवदा पहुंची. वहां जांच करने पर अस्पताल परिसर में एक काले रंग की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल खड़ी मिली. वाहन की जांच करने पर उसका पंजीयन क्रमांक एमएच-27/डीबी-476 पाया गया. यह मोटर साइकिल खल्लार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी. एलसीबी के दल ने आरोपी को खल्लार पुलिस के हवाले कर दिया है. यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम के आदेश पर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़ के मार्गदर्शन में एलसीबी के पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे के नेतृत्व में पुलिस उपनिरीक्षक सतीश झाल्टे, पुलिस हवलदार मंगेश लकड़े, सचिन मसांगे, पुलिस कांस्टेबल हर्षल काले तथा चालक हर्षद घुसे की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया.

Back to top button