इतवारा फ्लाईओवर का काम 15 दिनों में पूरा करें, अन्यथा होगा उग्र आंदोलन
12 सितंबर को नागपुरी गेट चौक में अमरावती शहर कांग्रेस का जनआंदोलन

अमरावती/दि.10- शहर के पश्चिमी क्षेत्र के हजारों नागरिकों के लिए महत्वपूर्ण इतवारा फ्लाईओवर का काम पिछले करीब आठ वर्षों से अधूरा पड़ा है. निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी के कारण नागरिकों को यातायात जाम, धूल और दुर्घटनाओं जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. इस मुद्दे को लेकर अब अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलू शेखावत ने आंदोलन की घोषणा की है.
कांग्रेस ने मांग की है कि इतवारा फ्लाईओवर का लंबित निर्माण कार्य आगामी 15 दिनों के भीतर पूरा किया जाए. यदि निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं हुआ तो आंदोलन को और अधिक तीव्र करने की चेतावनी दी गई है. फ्लाईओवर का काम वर्षों से अधूरा रहने के कारण पश्चिमी अमरावती की यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है. निर्माण क्षेत्र में उड़ने वाली धूल से नागरिकों को परेशानी हो रही है, जबकि यातायात की समस्या और दुर्घटनाओं का खतरा भी लगातार बना हुआ है. कांग्रेस का कहना है कि पिछले आठ वर्षों में इस क्षेत्र में कई दुर्घटनाएं हुई हैं और नागरिकों को चोटों का सामना करना पड़ा है. निर्माण कार्य से उठने वाली धूल का नागरिकों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है. इतवारा फ्लाईओवर के लंबित निर्माण कार्य को लेकर नागपुर खंडपीठ में जनहित याचिका भी दायर की गई थी. इस मामले में न्यायालय ने शासन और संबंधित विभागों को निर्माण कार्य पूरा करने के लिए समय-समय पर निर्देश और समयसीमा दी. इसके बावजूद काम अपेक्षित गति से पूरा नहीं हो सका. न्यायालय द्वारा दोबारा काम पूरा करने के लिए समयसीमा दिए जाने के बावजूद अब केवल आश्वासनों के बजाय युद्धस्तर पर निर्माण कार्य पूरा किया जाना चाहिए, ऐसी भूमिका अमरावती शहर कांग्रेस ने अपनाई है.
कांग्रेस ने कहा कि शहर के पश्चिमी क्षेत्र के नागरिकों को बुनियादी सुविधाओं के लिए लगातार संघर्ष करना पड़ रहा है. इतवारा फ्लाईओवर केवल यातायात से जुड़ा मुद्दा नहीं, बल्कि नागरिकों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और रोजमर्रा के जीवन से जुड़ा गंभीर विषय है. किसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक निर्माण कार्य का आठ वर्षों तक लंबित रहना गंभीर मामला है. सरकार को निर्माण में हुई देरी के कारण स्पष्ट करने के साथ ही इसके लिए जिम्मेदारी भी तय करनी चाहिए. कांग्रेस ने सरकार से मांग की है कि इतवारा फ्लाईओवर का काम अगले 15 दिनों में पूरा कर नागरिकों को राहत दी जाए. साथ ही निर्माण कार्य की वर्तमान स्थिति, काम पूरा होने की निश्चित तारीख और जिम्मेदार विभाग अथवा एजेंसी के संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जाए.
बॉक्स
* 12 सितंबर को नागपुरी गेट चौक में आंदोलन
इन मांगों को लेकर अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार, 12 सितंबर को सुबह 11 बजे नागपुरी गेट पुलिस स्टेशन चौक में भव्य जनआंदोलन किया जाएगा. कांग्रेस ने पश्चिमी अमरावती के नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया है. अमरावती शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बबलु शेखावत ने कहा कि आठ वर्षों का इंतजार अब काफी हो चुका है. इतवारा फ्लाईओवर का काम अब हर हाल में पूरा होना चाहिए. उन्होंने कहा कि नागरिकों के अधिकार और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कांग्रेस लगातार संघर्ष करती रहेगी. आठ साल की प्रतीक्षा काफी हुई, अब इतवारा फ्लाईओवर पूरा होना ही चाहिए के नारे के साथ कांग्रेस ने शासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करने का निर्णय लिया है.





