जिला परिषद की सफाई के लिए 60 लाख का ठेका

11 कर्मचारियों की होगी नियुक्ति, पिछले साल 30 लाख था खर्च

* काम का दायरा बढ़ने से दोगुनी हुई राशि
अमरावती/दि.15 – जिला परिषद मुख्यालय परिसर की सफाई व्यवस्था पर इस साल प्रशासन को पिछले वर्ष की तुलना में दोगुना खर्च करना पड़ेगा. जिला परिषद ने 11 सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति के लिए 60 लाख रुपए का ई-टेंडर जारी किया है. पिछले वर्ष केवल जिला परिषद मुख्यालय की सफाई का ठेका करीब 30 लाख रुपए का था. इस बार काम का दायरा बढ़ाए जाने के साथ ही कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन कानून के अनुसार वेतन और भत्ते देने का प्रावधान किए जाने से ठेके की अनुमानित राशि 60 लाख रुपए तक पहुंच गई है.
यह काम जिला निधि के अनुच्छेद 2515-101-53 के तहत प्रस्तावित किया गया है. नए ठेके में जिला परिषद मुख्यालय के सभी कार्यालयों के साथ शिक्षा अधिकारी कार्यालय, समग्र शिक्षा अभियान, कृषि विभाग कार्यालय और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कार्यालय की सफाई भी शामिल की गई है.

* 11 कर्मचारियों की होगी नियुक्ति
सफाई व्यवस्था के लिए कुल 11 कर्मचारियों की नियुक्ति की जाएगी. इन कर्मचारियों के माध्यम से कार्यालयों के साथ-साथ संबंधित परिसर और निवासी क्षेत्र की भी सफाई कराई जाएगी. प्रशासन के अनुसार, कर्मचारियों को श्रम कानूनों के तहत वेतन और आवश्यक भत्ते देना अनिवार्य होने के कारण इस बार खर्च में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है. एक कर्मचारी का न्यूनतम वेतन करीब 20 हजार रुपए निर्धारित किया गया है.

* पेड़-पौधों से लेकर कचरा प्रबंधन पर रहेगा ध्यान
इस बार सफाई ठेके का दायरा केवल कार्यालयों की नियमित सफाई तक सीमित नहीं रखा गया है. मुख्यालय परिसर के आसपास पेड़-पौधों की सफाई, कचरा प्रबंधन तथा परिसर को स्वच्छ रखने जैसे कार्यों पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यालय पदाधिकारियों की ओर से भी सफाई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर दिया जा रहा है.

* काम का दायरा बढ़ाया गया
पिछले वर्ष सफाई का ठेका केवल जिला परिषद मुख्यालय तक सीमित था. इस वर्ष काम का दायरा बढ़ाया गया है. कर्मचारियों की नियुक्ति श्रम नियमों के अनुसार वेतन और भत्तों के साथ की जाएगी, इसलिए ठेके की राशि बढ़ी है.
– श्रीराम कुलकर्णी, उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी

Back to top button