महिलाओं ने घर-घर सजाए रेत के शिवलिंग
हरतालिका व्रत पर सुहागिनों और कुमारिकाओं ने विधिवत पूजा-अर्चना की

रातभर किया जागरण
धाणगांव रेलवे/दि.15 – हरतालिका व्रत के अवसर पर धामनगांव रेलवे शहर और ग्रामीण क्षेत्र में महिलाओं ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर घर-घर में रेत से शिवलिंग बनाकर सजाए गए. सुहागिन महिलाओं ने अखंड सौभाग्य तथा कुमारिकाओं ने मनपसंद जीवनसाथी की प्राप्ति की कामना के साथ यह व्रत रखा.
भाद्रपद शुक्ल तृतीया को मनाए जाने वाले हरतालिका व्रत का धार्मिक एवं पारंपरिक महत्व है. मान्यता है कि माता पार्वती ने भगवान शिव को पति के रूप में प्राप्त करने के लिए यह व्रत किया था. उनकी तपस्या और व्रत से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उन्हें पत्नी के रूप में स्वीकार किया. इसी मान्यता के चलते सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए तथा कुमारिकाएं अच्छे जीवनसाथी की कामना से हरतालिका व्रत करती हैं.
* विधि-विधान से हुई पूजा
हरतालिका के अवसर पर महिलाओं ने सबसे पहले हल्दी-कुमकुम लगाकर घर के देवी-देवताओं का पूजन किया. इसके बाद चौक सजाकर उस पर चावल का आसन बनाया गया. वहां गौरी-हरतालिका की प्रतिमाएं स्थापित कर रेत से शिवलिंग तैयार किया गया. शिवलिंग और माता पार्वती की विधिवत पूजा कर फूल, बेलपत्र, पान, नारियल, फल, सुपारी, गन्ना सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई. हल्दी-कुमकुम चढ़ाकर आरती की गई.
* रातभर चला जागरण
व्रत के दौरान महिलाओं ने दिनभर उपवास रखा और रात में जागरण किया. घरों में दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव और माता पार्वती की आरती एवं भजन किए गए. महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि और सभी संकट दूर होने की प्रार्थना की. शुक्रवार को व्रत का पारण किया जाएगा.





