एयरटेल की लापरवाही से अमरावती में जलसंकट!

50 से अधिक कॉलोनियों की जलापूर्ति बाधित

* लाखों लीटर पानी बर्बाद होने का आरोप
* मनपा व मजीप्रा की कार्यप्रणाली पर नागरिकों में रोष
अमरावती/दि.21– शहर में एयरटेल कंपनी और उसके कंत्राटदार एनआईपीएल द्वारा केबल बिछाने के लिए की जा रही भूमिगत खुदाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. आरोप है कि एचडीडी मशीन से बिना उचित सावधानी के की जा रही खुदाई के दौरान महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण (मजीप्रा) की मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही है. इसके चलते शेगांव, रहाटगांव, स्वावलंबी नगर, विलास नगर, नवसारी, आशियाड चौक समेत करीब 50 से 60 कॉलोनियों की जलापूर्ति प्रभावित होने का दावा किया गया है.
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, भूमिगत केबल डालने के दौरान कई स्थानों पर मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हुई है. पाइपलाइन फूटने से बड़ी मात्रा में पीने का पानी सड़कों पर बह जाता है और इसके बाद संबंधित क्षेत्रों में जलापूर्ति बाधित हो जाती है. इससे नागरिकों को पानी के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है. आरोप है कि जिन स्थानों पर खुदाई का काम चल रहा है, वहां महानगरपालिका और महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के संबंधित अधिकारी पर्याप्त निगरानी नहीं कर रहे हैं. पाइपलाइन की वास्तविक स्थिति और उसके मार्ग की जानकारी स्पष्ट नहीं होने के बावजूद खुदाई किए जाने से समस्या और गंभीर होने का आरोप नागरिकों ने लगाया है.

* सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप
पाइपलाईन क्षतिग्रस्त होने से महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने के साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंचने का आरोप लगाया गया है. नागरिकों का कहना है कि एक ओर त्योहार और बारिश के मौसम में जलापूर्ति को लेकर परेशानी है, वहीं दूसरी ओर पाइपलाइन टूटने के कारण लाखों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है. बताया गया है कि इससे पहले भी स्वावलंबी नगर, सिद्धिविनायक नगर, भाग्योदय कॉलोनी, आशियाट कॉलोनी, श्रीराम नगर का कुछ हिस्सा, सोनल कॉलोनी, सकाळी भाग, अनगढ़ नगर, नवसारी और आशियाड चौक सहित विभिन्न क्षेत्रों में पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

* पुलिस में शिकायत, कार्रवाई की मांग
इस मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस के नगरसेवक चंदू उर्फ चंद्रकांत खेडकर तथा महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के उपविभागीय अभियंता द्वारा गाडगेनगर पुलिस थाने में शिकायत दिए जाने की जानकारी सामने आई है. शिकायत में एयरटेल कंपनी, कंत्राटदार एनआईपीएल तथा संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है. शिकायत में राजेश गुडधे, राहेशपाल सिंह और पवन देशमुख के नाम भी बताए गए हैं.

* आठ दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
नगरसेवक चंदू खेडकर और स्थानीय नागरिकों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले आठ दिनों के भीतर संबंधित लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तथा कथित रूप से नियमों के विपरीत चल रहे खुदाई के काम को तत्काल नहीं रोका गया, तो गाडगेनगर पुलिस थाने और प्रशासन के खिलाफ तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा. उन्होंने कहा कि आंदोलन की स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी जिम्मेदारी महानगरपालिका और संबंधित प्रशासन की होगी. नागरिकों ने प्रशासन से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने की घटनाओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए खुदाई के दौरान संबंधित विभागों की अनिवार्य निगरानी सुनिश्चित करने की मांग की है.

Back to top button