पुलिस के ‘उस’ विवाद में कूदने का मामला थाने तक पहुंचा

आदिवासी युवक से मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप

* सैकड़ों आदिवासियों ने थाने पर किया प्रदर्शन
* पुलिसकर्मी के निलंबन की मांग
धारणी/दि.22– मूंगफली बेचने वाले ठेले पर हुई बहस में एक पुलिस अधिकारी के कथित तौर पर हस्तक्षेप करने के बाद विवाद बढ़ गया. आदिवासी युवक के साथ पुलिस थाने में मारपीट और दुर्व्यवहार किए जाने के आरोप को लेकर रविवार को सैकड़ों आदिवासी पुलिस स्टेशन पहुंच गए. प्रदर्शनकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मी को तत्काल निलंबित करने की मांग की.
जानकारी के मुताबिक धारणी तहसील के रातातारा गांव निवासी महेंद्र देवजी धांडे (36) शनिवार शाम करीब 4.30 बजे बस स्टैंड के सामने एक होटल के पास ठेले से मूंगफली खरीदने गए थे. इसी दौरान ठेले वाले और महेंद्र धांडे के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई. आरोप है कि इसी समय सादे कपड़ों में मौजूद एक पुलिस अधिकारी विवाद में बीच-बचाव करने पहुंचा और युवक को अपने साथ पुलिस स्टेशन ले गया.

* थाने में मारपीट और दुर्व्यवहार का आरोप
महेंद्र धांडे की शिकायत के मुताबिक, पुलिस स्टेशन ले जाने के बाद उसके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई. गाली-गलौज करने तथा कपड़े फाड़ने का भी आरोप लगाया गया है. घटना की जानकारी मिलने के बाद आदिवासी समाज में आक्रोश फैल गया. रविवार दोपहर सैकड़ों आदिवासी नागरिक पुलिस स्टेशन पहुंच गए और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर पुलिसकर्मी को निलंबित करने की मांग रखी.

* जनप्रतिनिधियों ने कराया बीच-बचाव
मामले की जानकारी मिलने पर पूर्व जिला प्रमुख प्रभुदास भिलावेकर तथा मेलघाट के विधायक और भाजपा के पदाधिकारी भी पुलिस स्टेशन पहुंचे. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर मामले को शांत कराने का प्रयास किया. इस बीच, थानेदार अवतार सिंह चव्हाण ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी भेजी और संबंधित पुलिसकर्मी को उचित निर्देश दिए जाने का भरोसा दिलाया. वरिष्ठ स्तर से कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद फिलहाल प्रदर्शन शांत हुआ है. हालांकि, आदिवासी युवक के साथ कथित मारपीट और दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है. अब पुलिस विभाग की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की जाती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं.

Back to top button