‘नशे को छोड़ो, जीवन को अपनाओ’
‘नॉट नॉर्मल’ के जरिए पुलिस की युवाओं से अपील

* शॉर्ट फिल्म के टीजर लॉन्च पर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जितेश शर्मा की खास मौजूदगी
अमरावती/दि.22– युवाओं को नशे के चंगुल से बचाने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए अमरावती ग्रामीण पुलिस की ओर से ‘ऑपरेशन कवच’ अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम की संकल्पना के तहत शनिवार को मंथन हॉल में नशे के दुष्परिणामों पर आधारित शॉर्ट फिल्म ‘नॉट नॉर्मल’ का टीजर लॉन्च किया गया. कार्यक्रम में अमरावती के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर जितेश शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे.
जितेश शर्मा ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में बड़े सपने देखने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि युवाओं का जुनून नशे का नहीं, बल्कि कामयाबी और मेहनत का होना चाहिए. नशे की लत व्यक्ति का पूरा जीवन बर्बाद कर सकती है. इसे उन्होंने समाज और देश को भीतर से कमजोर करने वाला ‘धीमा जहर’ बताते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की.
* छोटे शहर से भी हासिल कर सकते हैं बड़ा मुकाम
जितेश शर्मा ने युवाओं से कहा कि छोटे शहर या गांव से आने के कारण सफलता की राह में कोई रुकावट नहीं आनी चाहिए. उन्होंने अपने अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि अमरावती की मिट्टी से संघर्ष करते हुए वे भारतीय टीम तक पहुंचे हैं. उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटे शहर और गांव से आने वाले युवा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं. लक्ष्य तय कर मेहनत करने और नशे से दूरी बनाए रखने का संदेश उन्होंने युवाओं को दिया.
* सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने संभाली फिल्म की जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक, आज के दौर में स्कूली बच्चों और युवाओं तक सोशल मीडिया के जरिए संदेश आसानी से पहुंचाया जा सकता है. इसी उद्देश्य से स्थानीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को इस अभियान से जोड़ा गया है. जिले के कई कंटेंट क्रिएटर्स इस शॉर्ट फिल्म में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं. पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम ने कहा कि सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के बड़ी संख्या में फॉलोअर्स हैं. ऐसे में उन्हें युवाओं में सकारात्मक संदेश पहुंचाने और नशे के खिलाफ जागरूकता पैदा करने के लिए आगे आना चाहिए. ‘नॉट नॉर्मल’ के माध्यम से नशे को सामान्य मानने वाली सोच को बदलने का प्रयास किया जा रहा है. कार्यक्रम के दौरान क्रिकेटर जितेश शर्मा और पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम सहित उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली. इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक इशानी आनंद, प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक किरण वानखड़े, स्थानीय अपराध शाखा के प्रमुख अशोक लांडे सहित पुलिस अधिकारी और विभिन्न थानों के प्रभारी उपस्थित थे.





