तुअर के दाम आसमान पर, एक महीने में 1,500 रुपये प्रति क्विंटल तक उछाल
एमएसपी से करीब 1,000 रुपये ऊपर पहुंचा भाव

* नई तुअर की आवक में अभी पांच महीने बाकी
* दाल महंगी होने के आसार
अमरावती /दि.21– बाजार में तुअर की आवक घटने और त्योहारी सीजन में मांग बढ़ने से तुअर के भाव में लगातार तेजी देखी जा रही है. सितंबर में तुअर के बाजार भाव में करीब 1,500 रुपये प्रति क्विंटल तक का उछाल आया है. वर्तमान में तुअर 9 हजार से 9,500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रही है, जो इस वर्ष के न्यूनतम समर्थन मूल्य 8,450 रुपये से करीब 550 से 1 हजार रुपये तक अधिक है.
नई तुअर की फसल बाजार में आने में अभी करीब पांच महीने का समय बाकी है. ऐसे में किसानों और व्यापारियों के पास पुरानी तुअर का स्टॉक सीमित होने के कारण बाजार समितियों में आवक कम हो गई है. दूसरी ओर, इस वर्ष बारिश की कमी के कारण तुअर के उत्पादन में भी कमी आने की संभावना जताई जा रही है. इन परिस्थितियों का असर तुअर के भाव पर पड़ रहा है. त्योहारी सीजन शुरू होने के साथ दालों की मांग बढ़ गई है. तुअर की सीमित आवक और बढ़ती मांग के कारण बाजार में भाव लगातार ऊपर जा रहे हैं.
कारोबारियों के मुताबिक जब तक नई फसल की आवक शुरू नहीं होती, तब तक तुअर के भाव ऊंचे बने रहने की संभावना है. बारिश की स्थिति और नई तुअर की आवक पर भी बाजार की नजर है. यदि बारिश के कारण फसल प्रभावित होती है और नई तुअर की आवक में देरी होती है, तो कीमतों में और तेजी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता. सितंबर की शुरुआत में जहां तुअर का अधिकतम भाव 8,450 रुपये प्रति क्विंटल था, वहीं 19 सितंबर को यह बढ़कर 9,449 रुपये तक पहुंच गया. यानी महीने के दौरान अधिकतम भाव में करीब 999 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी दर्ज हुई है. वहीं, न्यूनतम भाव भी 7,850 रुपये से बढ़कर 8,750 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है.
* महंगी तुअर का असर दाल पर पड़ने की आशंका
थोक बाजार में तुअर के बढ़ते भाव का सीधा असर तुअर दाल की कीमतों पर पड़ सकता है. फिलहाल तुअर दाल के खुदरा भाव करीब 120 से 130 रुपये प्रति किलो के आसपास बताए जा रहे हैं. यदि तुअर के भाव इसी तरह बढ़ते रहे तो आने वाले दिनों में दाल के खुदरा दाम भी बढ़ सकते हैं. त्यौहारी मौसम में दाल महंगी होने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ने की आशंका है.
* सितंबर में ऐसे बढ़े तुअर के भाव
तारीख बाजार भाव (रुपये/क्विंटल)
1 सितंबर 7,850-8,450
5 सितंबर 8,150-8,850
8 सितंबर 8,400-8,775
12 सितंबर 8,550-8,900
17 सितंबर 8,500-9,170
19 सितंबर 8,750-9,449





