प्रवीण रेसिडेंसी के फ्लैट में लगी आग
पहली मंजिल पर मची अफरा-तफरी

* तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा, कोई जनहानि नहीं
अमरावती /दि.23- तपोवन गेट परिसर स्थित प्रवीण रेसिडेंसी की पहली मंजिल के एक फ्लैट में मंगलवार, 22 सितंबर की दोपहर अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. आग की सूचना मिलते ही महानगरपालिका अग्निशमन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची. करीब 30 से 40 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और कोई व्यक्ति घायल भी नहीं हुआ.
जानकारी के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 4 बजे अग्निशमन अधीक्षक को तपोवन गेट स्थित प्रवीण रेसिडेंसी की पहली मंजिल के फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली. सूचना मिलते ही पाली प्रमुख किशोर शेंडे तथा योगेश ठाकरे के आदेश पर फायर लॉरी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया. चालक संतोष डोईफोडे तथा फायरमैन निलेश काटपेलवार, आशीष चव्हाण और ज्ञानेश्वर चव्हाण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कार्रवाई शुरू की.
* तीन दमकल गाड़ियों ने संभाला मोर्चा
आग की स्थिति को देखते हुए अग्निशमन मुख्यालय से दूसरी फायर लॉरी भी घटनास्थल पर भेजी गई. इस वाहन के साथ चालक कासम खान, केंद्र प्रमुख प्रेमानंद सोनकांबले तथा फायरमैन योगेश ठाकरे और मोहम्मद ताहीर मौके पर पहुंचे. आग पर नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सहायता के तौर पर कुछ समय बाद तीसरी दमकल गाड़ी भी घटनास्थल पर भेजी गई. फ्लैट पहली मंजिल पर होने के कारण अग्निशमन दल ने आग बुझाने और बचाव कार्य के लिए एक्सटेंशन लैडर का इस्तेमाल किया. दमकल कर्मियों ने समन्वय के साथ पानी की बौछार करते हुए आग को फैलने से रोकने के प्रयास किए. करीब 30 से 40 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया.
* आग के कारणों की जांच होगी
आग बुझाने के बाद दमकल कर्मियों ने फ्लैट और आसपास के परिसर का निरीक्षण किया तथा यह सुनिश्चित किया कि आग दोबारा न भड़के. आग लगने के कारण फ्लैट में कितना नुकसान हुआ, इसका विस्तृत आकलन संबंधित स्तर पर जांच के बाद किया जाएगा. आग लगने का वास्तविक कारण भी जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होने की संभावना है. कार्रवाई में केंद्र प्रमुख प्रेमानंद सोनकांबले, वाहन चालक संतोष डोईफोडे, कासम खान और मनोहर राठोड, फायरमैन योगेश ठाकरे, निलेश काटपेलवार, आशीष चव्हाण, मोहम्मद ताहीर, ज्ञानेश्वर चव्हाण और अमोल निस्ताने तथा आपातकालीन कुली कर्मचारी मोहम्मद नाईस अहमद शामिल रहे.





