शारजा में भारतीय की हत्या

कार से 9 टुकड़ों में मिला शव

* पत्नी और 10वीं कक्षा का बेटा लापता
शारजा/दि.23 – संयुक्त अरब अमीरात के शारजा में कर्नाटक के उडुपी निवासी एक भारतीय की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. मृतक की पहचान अल्विन प्रकाश कुंदर के रूप में हुई है. उनका शव एक कार से बरामद हुआ, जिसे कथित तौर पर नौ टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था. घटना के बाद से उनकी पत्नी और 10वीं कक्षा में पढ़ने वाला बेटा भी लापता बताया जा रहा है.
अल्विन पिछले करीब 14 वर्षों से शारजा एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे. वे पिछले साल दिसंबर में भारत आए थे और बाद में दोबारा शारजा लौट गए. उनकी पत्नी टीना कुंदर उडुपी के उदयवाड़ा की रहने वाली हैं और शारजा के एक स्कूल में शिक्षिका हैं. उनका बेटा भी वहीं 10वीं कक्षा में पढ़ता है.
* भाई ने पुलिस से मांगी थी मदद
अल्विन के भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने 21 सितंबर को उडुपी के पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की थी. इसके बाद उन्होंने शारजा में रहने वाले अल्विन के एक पुराने सहपाठी मनोहर से संपर्क कर उन्हें खोजने में मदद मांगी. मनोहर अल्विन की कंपनी की ओर से उपलब्ध कराए गए फ्लैट पर पहुंचे. वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड ने बताया कि अल्विन भारत लौट चुके हैं. इसके बाद कंपनी के एचआर विभाग से संपर्क किया गया. शुरुआत में कंपनी ने भी उनके भारत लौटने की जानकारी दी, लेकिन बाद में पासपोर्ट रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि अल्विन शारजा से बाहर नहीं गए थे.
* ओमान जाने वाले रास्ते के पास कार में मिला शव
इसके बाद अल्विन के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई गई. जांच के दौरान ओमान की ओर जाने वाले मार्ग के पास खड़ी एक कार से उनका शव बरामद किया गया. पुलिस के अनुसार, शव को कथित तौर पर नौ टुकड़ों में काटकर दो बैग में रखा गया था. अनिल के मुताबिक, परिवार को 21 सितंबर को अल्विन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिली. हालांकि, हत्या के पीछे का कारण और इसमें शामिल लोगों की पहचान अभी स्पष्ट नहीं है. शारजा पुलिस मामले की जांच कर रही है. मृतक की पत्नी टीना और उनके बेटे के बारे में भी फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है.

Back to top button