अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

अमरावती, बुलढाणा, वाशिम और अकोला में वारदातों का खुलासा

* सोना-चांदी, नकदी, दोपहिया समेत लाखों का माल जब्त
अमरावती /दि. 24– शहर के क्राइम ब्रांच ने अंतरराज्यीय चोरी करने वाले एक कुख्यात गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों पर अमरावती शहर के अलावा बुलढाणा, वाशिम, अकोला और लातूर जिले के विभिन्न पुलिस थानों में गंभीर अपराध दर्ज होने की जानकारी सामने आई है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 किलो चांदी, 35 ग्राम सोना, नकदी, एक दोपहिया वाहन तथा चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं.
क्राइम ब्रांच की इस कार्रवाई से हाल ही में गाडगेनगर परिसर स्थित एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी का भी खुलासा हुआ है. क्राइम ब्रांच के निरीक्षक अतुल वर के मार्गदर्शन में टीम ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई.
* मेघे कॉलेज के पास पीछा कर दबोचा
जानकारी के मुताबिक 23 सितंबर को क्राइम ब्रांच की टीम को आरोपियों की गतिविधियों के बारे में जानकारी मिली थी. इसके बाद मेघे कॉलेज के पास दोपहिया वाहन से जा रहे संदिग्धों का पीछा कर उन्हें रोका गया. तलाशी लेने पर उनके पास कटर, टॉमी, कैंची, स्क्रूड्राइवर, टॉर्च तथा चोरी के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान मिला. इस कार्रवाई को सहायक पुलिस निरीक्षक महेश इंगोले और पीएसआई गजानन सोनुने की टीम ने अंजाम दिया.
* बुलढाणा जिले के तीन आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में देउलगांव राजा निवासी रोशनसिंह बाबुलसिंह टाक (24), हरिंदरसिंह संतोषसिंह दुधानी (24) और गणेश जनार्दन मानवटकर (32) शामिल हैं. दोनों अन्य आरोपी मेहकर तहसील क्षेत्र के सेंदला निवासी बताए गए हैं. पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ अमरावती शहर सहित बुलढाणा, वाशिम, अकोला और लातूर के विभिन्न पुलिस थानों में अपराध दर्ज हैं. पुलिस अब इन मामलों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है.
* 250 किलोमीटर के दायरे में तलाश
11 सितंबर को गाडगेनगर थाना क्षेत्र में एक सराफा दुकान में सेंध लगाकर सोने-चांदी के आभूषण चोरी किए गए थे. इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच यूनिट-2 को सौंपी गई थी. टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही करीब 250 किलोमीटर के दायरे में आरोपियों की गतिविधियों का तकनीकी विश्लेषण किया. तकनीकी जानकारी की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने संदिग्धों पर नजर रखी और जाल बिछाकर उन्हें पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी जानकारी मिलने की संभावना है.

Back to top button