गणेश विसर्जन को लेकर अमरावती पुलिस अलर्ट
3 डीसीपी, 25 पुलिस निरीक्षक समेत 1,750 पुलिसकर्मियों की तैनाती

* सोशल मीडिया पर भी रहेगी कड़ी नजर
अमरावती/दि. 25– सार्वजनिक गणेश मंडलों की गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन 25 सितंबर से 1 अक्टूबर तक शहर के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर किया जाएगा. इस दौरान शहर में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमरावती पुलिस आयुक्तालय की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में जुलूस मार्गों और विसर्जन स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दिया गया है.
गणेश विसर्जन के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय तथा पुलिस उपायुक्त सर्कल-1 और सर्कल-2 के साथ ही सभी विभागों के पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों, पुलिस कर्मचारियों, आरसीपी और क्यूआरटी प्लाटून, एसआरपीएफ तथा होमगार्ड के जवानों ने पूरे आयुक्तालय क्षेत्र में रूट मार्च किया.
* 3 डीसीपी समेत बड़ा पुलिस बंदोबस्त
विसर्जन उत्सव के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस आयुक्तालय स्तर पर 3 पुलिस उपायुक्त, 5 सहायक पुलिस आयुक्त, 25 पुलिस निरीक्षक, 70 पुलिस अधिकारी तथा करीब 1,750 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की तैनाती की गई है. इसके अलावा आरसीपी और क्यूआरटी प्लाटून, एसआरपीएफ की एक कंपनी और एक प्लाटून तथा 342 पुरुष एवं 127 महिला होमगार्ड भी सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे. शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में थाना स्तर पर फिक्स्ड पॉइंट बनाए जाएंगे. नागरिकों की सुरक्षा और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए 14 सीआर मोबाइल, 10 दामिनी स्क्वॉड, बीट मार्शल और डायल-112 वाहन लगातार गश्त करेंगे.
* सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर
गणेश विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न हो, इसके लिए साइबर पुलिस थाने की विशेष टीम सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखेगी. जुलूस मार्ग और विसर्जन स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों के साथ वीडियोग्राफरों की भी व्यवस्था की गई है. पुलिस ने जुलूस के दौरान ज्वलनशील पदार्थ, हथियार या लाठी ले जाने, आपत्तिजनक गाने बजाने तथा आपत्तिजनक दृश्य प्रदर्शित करने पर रोक लगाई है. पुलिस ने मंडलों और नागरिकों से नियमों का पालन करने का आह्वान किया है.
* उपद्रवियों पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने आदतन अपराधियों, धार्मिक मतभेद पैदा करने वाले सामाजिक उपद्रवियों तथा सांप्रदायिक दंगों से जुड़े आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने और आवश्यकतानुसार उन्हें हिरासत में लेने के निर्देश दिए हैं.
* शांति बनाए रखने पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस आयुक्त राकेश ओला ने कहा कि अमरावती शहर के नागरिकों ने हमेशा शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग किया है. इसी सहयोग के कारण शहर में सांप्रदायिक सद्भाव और सामाजिक सौहार्द कायम रखने में मदद मिली है. उन्होंने नागरिकों से अपील की कि गणेश विसर्जन के दौरान भी पुलिस प्रशासन का सहयोग करें और शहर में शांति, सद्भाव तथा भाईचारा बनाए रखें.





