फसल खराब होने पर किसान ने की खुदकुशी

दर्याबाद की घटना, उपचार के दौरान इर्विन अस्पताल में तोडा दम

अमरावती /दि.25– वलगांव पुलिस थाना क्षेत्र के दर्याबाद में 70 वर्षीय किसान की जहरिली कृषि दवा पीने से मौत हो गई. परिजनों के अनुसार मृतक खेती पर कर्ज और लगातार नापिकी को लेकर तनाव में था. उपचार के दौरान उन्होंने इर्विन अस्पताल में दम तोड दिया. मृतक की पहचान नामदेवराव रामचंद्रजी तायडे (70, दर्याबाद) के रुप में हुई है.
जानकारी के अनुसार सुबह उठने के बाद मृतक के बेटे ने अपने पिता को घर के आंगन में उलटियां करते हुए देखा. पूछताछ करने पर उन्होंने जहरिली दवा पीने की बात बताई. इसके बाद परिवार ने गांव के प्रवीण शेगोकार की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए अमरावती जिला अस्पताल पहुंचाया गया. उन्हें सुबह करीब 9 बजे आईसीयू में भर्ती किया गया. चिकित्सकों द्वारा उपचार किए जाने के बावजूद मंगलवार 22 सितंबर की रात 10 बजे उनकी मौत हो गई.
परिजनों के अनुसार मृतक के पास करीब दो एकड कृषि भूमि थी, जिसमें तुअर और सोयाबीन की फसल लगाई गई थी. खेती पर बैंक का कर्ज भी था. वहीं बारिश नहीं होने और लगातार फसल खराब होने की चिंता के कारण वे तनाव में रहते थे तथा घर में चिढचिढापण भी रहता था. घटना के संबंध में बेटे के बयान के आधार पर वलगांव पुलिस थाने में मर्ग के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है. परिजनों ने मौत को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह नहीं जताया है. पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है.

Back to top button