नीलकंठ मंडल के गायकों की भजन संध्या में झूमे श्रद्धालु

तीन घंटे तक अभंग, भजन, गवली, गोंधल और पोवाड़ों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

अमरावती/दि.25– श्री नीलकंठ व्यायाम मंडल का गणेशोत्सव हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में उत्साह और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है. उत्सव के तहत आयोजित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में संस्था के गायक कलाकारों की भजन संध्या ने श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया. करीब तीन घंटे चले इस भक्तिसंगीत कार्यक्रम में राजू अंबुलकर, नरेंद्र केवले, अनघा अंबुलकर, शमिका बोरकर, राधा गुल्हाने और ऊजू अंबुलकर ने अपनी सुमधुर आवाज में अभंग, भजन, गवली, गोंधल और पोवाड़ों की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां दीं. कलाकारों की प्रभावी प्रस्तुति से श्रोता देर तक कार्यक्रम से जुड़े रहे.
इस वर्ष गणेशोत्सव की थीम ‘जगन्नाथ रथयात्रा’ रखी गई है. इसी भावभूमि पर प्रस्तुत भगवान जगन्नाथ के भजनों ने वातावरण को विशेष रूप से भक्तिमय बना दिया. श्रद्धालु भजनों में तल्लीन होकर भक्ति के रंग में रंगे नजर आए. कार्यक्रम का समापन राजू अंबुलकर की भावपूर्ण भैरवी से हुआ. गायकों के साथ गजानन केतकर, स्वप्निल केतकर, व्यंकटेश खंडारे और गौरव जोंधलेकर ने वाद्ययंत्रों पर प्रभावी संगत की. कार्यक्रम का सुंदर मंच संचालन नरेंद्र केवले ने किया.
* पूर्व मंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने की सदिच्छा भेंट
गणेशोत्सव के दौरान पूर्व पालकमंत्री डॉ. सुनील देशमुख ने मंडल में सदिच्छा भेंट देकर श्री गणेश के दर्शन किए. इस अवसर पर गणेशोत्सव के स्वागताध्यक्ष सुनील राणा की उपस्थिति में भजन संध्या में प्रस्तुति देने वाले सभी गायक एवं वादक कलाकारों का भावपूर्ण सत्कार किया गया. कार्यक्रम ने उपस्थित श्रद्धालुओं को अविस्मरणीय आनंद प्रदान किया. यह जानकारी गणेशोत्सव के प्रचार प्रमुख अभिनंदन पेंढारी ने दी.

 

Back to top button