भूटान में गूंजेंगे अमरावती के सुर
15वें अखिल भारतीय स्वतंत्रवीर सावरकर सम्मेलन में गायक सुरेश दंडे की प्रस्तुति होगी आकर्षण का केंद्र

अमरावती /दि. 26– भूटान की राजधानी थिम्पू में 2 अक्टूबर को आयोजित होने जा रहे 15वें अखिल भारतीय स्वतंत्रवीर सावरकर सम्मेलन में अमरावती के प्रसिद्ध गायक एवं संगीतकार सुरेश दंडे अपने गायन की प्रस्तुति देंगे. अमरावती से इस प्रतिष्ठित सम्मेलन के लिए आमंत्रित किए गए वे एकमात्र गायक हैं. उनके गायन को सम्मेलन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल किया गया है.
सुरेश दंडे इससे पहले इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया सहित देश-विदेश में आयोजित अनेक सम्मेलनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी गायन कला प्रस्तुत कर चुके हैं. अपनी सुमधुर आवाज और संगीत प्रस्तुति से उन्होंने रसिकों की सराहना हासिल की है. अब भूटान में आयोजित होने वाले इस विशेष सम्मेलन में भी उनके सुरों की प्रस्तुति देखने-सुनने को मिलेगी.
* 30 वर्षों से हो रहा सम्मेलन
छत्रपति संभाजीनगर के स्वातंत्र्यवीर सावरकर प्रेमी मित्र मंडल की ओर से पिछले 30 वर्षों से इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है. इस वर्ष पहली बार सम्मेलन का आयोजन विदेश में, भूटान की राजधानी थिम्पू में किया जा रहा है. इसलिए इस सम्मेलन को विशेष महत्व प्राप्त हुआ है. सम्मेलन के अध्यक्ष के रूप में वरिष्ठ लेखक सुधीर सेवेकर जिम्मेदारी संभालेंगे. वहीं सावरकर की पत्रकारिता के अध्येता तथा सेवानिवृत्त सूचना संचालक देवेंद्र भुजबळ स्वागताध्यक्ष होंगे. सम्मेलन के निमंत्रक भाऊ सुरडकर तथा कार्याध्यक्ष स्नेहल पाठक हैं. सम्मेलन में भूटान के राजपरिवार के सदस्यों की विशेष उपस्थिति भी रहने की जानकारी आयोजकों ने दी है.
* पुस्तकों का भी होगा विमोचन
सम्मेलन के दौरान सावरकर के विभिन्न पहलुओं पर आधारित लेखों वाली स्मरणिका का विमोचन किया जाएगा. इसके अलावा देवेंद्र भुजबळ लिखित ‘झेप’ तथा शैलजा देशपांडे लिखित ‘अनादि मी’ पुस्तकों का भी प्रकाशन होगा. सम्मेलन में विभिन्न विषयों पर मान्यवरों के व्याख्यान तथा विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
* 130 से अधिक सावरकर प्रेमी होंगे शामिल
इस सम्मेलन में महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों से 130 से अधिक सावरकर प्रेमी एक ही विमान से भूटान के लिए रवाना होंगे. इनमें मुंबई, नवी मुंबई, पुणे, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, पांढरकवड़ा, यवतमाल, अमरावती, नांदेड, जलगांव, धुले, चालीसगांव और बीड सहित विभिन्न शहरों के प्रतिनिधि शामिल होंगे. सम्मेलन के आयोजन को सफल बनाने के लिए किरण सराफ, सुभाष कुमावत और विजय जहागीरदार विशेष प्रयास कर रहे हैं. अमरावती के गायक सुरेश दंडे की प्रस्तुति के कारण सम्मेलन के सांस्कृतिक कार्यक्रम को लेकर अमरावती के कला एवं संगीत प्रेमियों में भी उत्सुकता बनी हुई है.





