विधायक पोटे व विधायक वानखडे ने बडनेरा के विविध गणेश मंडलों को दी भेंट
गणराय के समक्ष किसानों के संकट निवारण की कामना

अमरावती /दि. 26- विधान परिषद सदस्य प्रवीण पोटे पाटील तथा विधायक राजेश वानखड़े ने गतरोज बडनेरा क्षेत्र के विभिन्न गणेशोत्सव मंडलों का दौरा कर भगवान गणेश के दर्शन किए तथा महाराष्ट्र के किसानों पर आए संकट के शीघ्र निवारण की प्रार्थना की. विधायक पोटे पाटील ने बारीपुरा स्थित श्री शिवाजी गणेशोत्सव मंडल, जय हिंद गणेशोत्सव मंडल तथा विद्यार्थी मंडल में पहुंचकर मंगलमूर्ति गणराया का दर्शन किया. इस दौरान उन्होंने मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संवाद भी किया.
दर्शन कार्यक्रम के अवसर पर भाजपा की महिला प्रदेश उपाध्यक्ष आरती वानखड़े, भाजपा के महाराष्ट्र प्रदेश प्रवक्ता शिवराय कुलकर्णी तथा भाजपा के जिला महामंत्री नितीन गुडधे पाटील प्रमुख रूप से उपस्थित थे. सभी मंडलों के कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का उत्साहपूर्ण स्वागत किया. गणेशोत्सव के धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण के बीच श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही.
इस अवसर पर विधायक प्रवीण पोटे पाटील व विधायक राजेश वानखड़े ने कहा कि राज्य के कई हिस्सों में किसान अल्पवर्षा और फसल संकट का सामना कर रहे हैं. उन्होंने गणराया के चरणों में प्रार्थना करते हुए कहा कि महाराष्ट्र के किसानों पर आए संकट का जल्द से जल्द निवारण हो तथा किसानों के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली लौटे. उन्होंने गणेशोत्सव मंडलों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में एकता, सद्भाव और जनजागरण का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं.





