शांतिनिकेतन इंटरनेशनल स्कूल में मोदक मिष्ठान्न प्रतियोगिता

अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक लिया सहभाग

अमरावती/दि.26- मराठा शिक्षण संस्था द्वारा संचालित शांतिनिकेतन इंटरनेशनल स्कूल में गणेशोत्सव के अवसर पर अभिभावकों के लिए मोदक मिष्ठान्न प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. इस अवसर पर स्कूल के निर्देशक डॉ. अमोल भोयर, प्रधानाध्यापिका पूनम वानखडे एवं प्रतियोगिता के लिए आमंत्रित जज ऋतुजा शिंगरुप, रसिका राजपेंडकर, हिना आत्राम उपस्थित थे. सर्वप्रथम सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ प्रदान कर किया गया. उसके पश्चात भगवान श्री गणेश की आराधना करते हुए छात्राओं ने गणेश गीतों पर सुंदर नृत्य की प्रस्तुति दी और भगवान श्री गणेश की सामूहिक आरती की गई.
इस समय सभी प्रमुख अतिथि, शिक्षक, स्कूल के छात्र एवं सहायक-शिक्षण कर्मचारी उपस्थित रहे. प्रतियोगिता में अभिभावकों ने बडे उत्साह के साथ सहभाग लिया. इस प्रतियोगिता के लिए तीन प्रकार के मोदक रखे गए थे. अभिभावकों द्वारा बनाए गए विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व सुंदर सजावट के मोदक सभी का आकर्षण का केंद्र रहे. मोदकों में वाष्पी मोदक, ड्रायफूट मोदक, नारियल मोद, ड्रैगन फ्रूट, पंजरी व गेहूं के मोदक, नैवेद्य मोदक का समावेश रहा. प्रतियोगिता का संचालन नयन गहलोत ने किया. वहीं जजों का परिचय आशा आगरकर ने कराया. जजों ने मोदक प्रतियोगिता का निरीक्षण किया और ड्राईफ्रूट्स मोदक में से दो प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया.
इस प्रतियोगिता में सानवी राठी प्रथम और सानवी आमझरे द्वितीय स्थान पर रही. वहीं वाष्पी मोदक प्रतियोगिता में दो विजेता घोषित किए गए. जिसमें प्रथम स्थान पर कस्तुरी बोबडे एवं द्वितीय स्थान पर प्रियांश गदर रही. इसके अलावा विभिन्न प्रकार के मोदक प्रतियोगिता में तीन विजेता और दो प्रोत्साहित विजेताओं की घोषणा की गई. जिसमें प्रथम स्थान पर श्राव्या अंबाडेकर, द्वितीय स्थान पर सिया बारी, तृतीय स्थान पर ओम राठी एवं प्रोत्साहित पुरस्कार विजेताओं में मल्हारी पाबले और नियती भांगे का समावेश रहा. सभी प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए गए.

Back to top button