बहुउद्देशीय सहकारी संस्था व कृषि सेवा केंद्र को लेकर मार्गदर्शन

माहुली जहांगीर में पी. आर. पोटे कृषि महाविद्यालय का आयोजन

माहुलीजहांगीर/दि.26 – पी. आर. पोटे पाटिल कृषि महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा ग्रामीण कृषि जागरुकता कार्यानुभव कार्यक्रम अंतर्गत स्थानीय किसानों को बहुउद्देशीय सहकारी संस्था एवं कृषि सेवा केंद्र की कार्यप्रणाली का अभ्यास करने के लिए मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. किसानों को बहुउद्देशीय सहकारी संस्था की स्थापना का उद्देश्य, रचना, कार्य व किसानों को मिलनेवाली विविध सेवाओं की सविस्तर जानकारी दी गई.
किसानों को विविध कृषि विषयक उपक्रमों में सहकार्य देने के संदर्भ में मार्गदर्शन किया गया और उन्हें कृषि सेवा केंद्रों की भूमिका एवं किसानों के लिए उसका महत्व विषद किया गया तथा कृषि सेवा केंद्र में उपलब्ध बीज, खाद, कीटकनाशक, जैविक निविष्ठा व अन्य कृषि साहित्य की जानकारी दी गई और साथ ही कृषि निविष्ठा का इस्तेमाल करते समय सिफारिश के अनुसार योग्य प्रमाण में तथा योग्य पद्धति से इस्तेमाल करने के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया. इस दौरान किसानों को फसलों के उत्पादन में वृद्धि, उत्पादन खर्च कम करना, आधुनिक कृषि तकनीक का इस्तेमाल और उपलब्ध कृषि सेवाओं का योग्य लाभ लेने के संदर्भ में मार्गदर्शन किया गया.
कार्यक्रम में गांव के नागरिक व किसान बडी संख्या में उपस्थित थे. आयोजन को सफल बनाने रुतिक पुंड, प्रणव पुरी, यज्ञेश राऊत, हर्षवर्धन राऊत व कशिश सरोदे ने अथक प्रयास किए. कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनिल ठाकरे, उपप्राचार्य प्रा. नीतेश चौधरी, कार्यक्रम समन्वयक प्रा. श्वेता देशमुख, कार्यक्रम अधिकारी प्रा. मदन जाधव तथा कृषि अर्थशास्त्र विभाग की प्राध्यापिका डॉ. अर्चना त्रिपाठी का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ.

Back to top button