सोयाबीन उत्पादक किसानों की व्यथा सुनने खेतों की मेड़ पर पहुंची युवक कांग्रेस

पंचनामे की बजाय किसानों को तत्काल एकमुश्त आर्थिक सहायता देने की मांग

अमरावती/दि. 26– बारिश की कमी के चलते सोयाबीन फसल को हुए नुकसान के बीच अमरावती जिला युवक कांग्रेस ने किसानों की समस्याएं जानने के लिए शनिवार 26 सितंबर को भातकुली तहसील के दर्याबाद में खेतों की मेड़ पर पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद किया. इस दौरान किसानों ने फसल की स्थिति, बढ़ती उत्पादन लागत, बाजार भाव और शासन से अपेक्षित मदद को लेकर अपनी व्यथा सामने रखी.
क्षेत्र में पर्याप्त बारिश नहीं होने से सोयाबीन की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचा है. खेतों में नमी की कमी के कारण जमीन में दरारें पड़ गई हैं. इससे किसान आर्थिक संकट में फंस गए हैं. किसानों ने बताया कि सोयाबीन उत्पादन पर खर्च लगातार बढ़ रहा है, जबकि फसल की स्थिति खराब होने से अपेक्षित उत्पादन और बाजार भाव दोनों प्रभावित हो रहे हैं. इस दौरान अमरावती जिला युवक कांग्रेस की ओर से कहा गया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए सरकार को सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए तत्काल आर्थिक सहायता घोषित करनी चाहिए. किसानों को बार-बार पंचनामे की प्रक्रिया में उलझाने के बजाय नुकसान की स्थिति को देखते हुए एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाए, ऐसी मांग भी की गई.
युवक कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों की समस्याएं केवल कार्यालय में बैठकर नहीं समझी जा सकतीं. इसके लिए खेतों की मेड़ तक पहुंचकर किसानों से सीधे संवाद करना जरूरी है. इसी उद्देश्य से यह किसान भेंट एवं प्रत्यक्ष संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस अवसर पर युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल येवले के साथ किसान विजय मुंडाले, निखिल तायड़े, विकास इंगले, प्रशांत तायड़े, आकाश भोंगरे, अनिकेत तायडे, दिगंबर बालापुरे, विजयराव तायडे, प्रभाकरराव शेगोकर तथा मंडल कृषि अधिकारी अमोल सराट उपस्थित थे.

Back to top button