दुबई में सपनों की दुनिया हुई राख, पति के अफेयर का खुलासा
तलाक के लिए दबाव, मारपीट और प्रताड़ना का आरोप

ससुराल के छह सदस्यों समेत पति पर मामला दर्ज
अमरावती/दि.2 – पति के साथ सुखी वैवाहिक जीवन के सपने लेकर दुबई गई अमरावती की एक महिला के सामने वहां पति के कथित प्रेम संबंध का खुलासा हुआ. आरोप है कि पति ने दूसरी महिला के साथ संबंध होने की बात स्वीकार करते हुए पत्नी पर तलाक लेने के लिए दबाव बनाया. इतना ही नहीं, शिकायतकर्ता ने पति और ससुराल के लोगों पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना, मारपीट, धमकी तथा घूंघट में रहने के लिए दबाव डालने का भी आरोप लगाया है. इस मामले में फ्रेजरपुरा पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के मुताबिक शहर की 31 वर्षीय प्रगति ने अगस्त 2024 में विवेक नामक युवक के साथ रजिस्टर्ड मैरिज की थी. इसके बाद जनवरी 2025 में दोनों ने रीति-रिवाज से विवाह किया. विवेक अकोला का रहने वाला है और दुबई में सीनियर इंजीनियर के रूप में कार्यरत बताया गया है.
* फरवरी में पति के साथ गई थी दुबई
शिकायत के मुताबिक विवाह के बाद प्रगति फरवरी 2025 में पति के साथ दुबई गई थी. वहां कुछ समय बाद उसे कथित तौर पर पता चला कि उसके पति के ऑफिस में काम करने वाली एक महिला के साथ उसके प्रेम संबंध हैं. जब प्रगति ने पति से इस संबंध में सवाल किया तो उसने कथित तौर पर कहा कि वह उससे प्रेम नहीं करता और दूसरी महिला के साथ संबंध में रहना चाहता है. इसके बाद प्रगति पर तलाक लेने के लिए दबाव बनाया जाने लगा.
* दुबई में घर से बाहर निकलने पर भी रोक का आरोप
प्रगति ने आरोप लगाया कि दुबई में उसे मानसिक रूप से परेशान किया गया और घर से बाहर निकलने की अनुमति तक नहीं दी जाती थी. शिकायत में यह भी कहा गया है कि पति की कथित प्रेमिका ने भी उसे धमकाया.
* ट्रेन में मारपीट का आरोप
शिकायत के मुताबिक, दुबई से भारत लौटते समय पति ने प्रगति से बडनेरा के बजाय अकोला तक ट्रेन से जाने को कहा. इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ. आरोप है कि पति ने ट्रेन में उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की. साथ ही पुलिस में शिकायत करने पर उसे दोबारा दुबई नहीं ले जाने तथा उसके भाई को झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी.
* ससुराल वालों पर भी प्रताड़ना का आरोप
प्रगति ने अपने ससुराल वालों पर भी मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं. शिकायत में कहा गया है कि उसे घूंघट में रहने के लिए दबाव डाला जाता था. परिवार के सदस्यों द्वारा पति के व्यवहार को लेकर आपत्ति जताने के बजाय उसे ही परिस्थितियों से समझौता करने के लिए कहा गया. फ्रेजरपुरा पुलिस ने प्रगति की शिकायत के आधार पर पति विवेक समेत ससुराल पक्ष के छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.





