मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर युवक कांग्रेस का तीव्र प्रदर्शन
चिखलदरा स्टॉप पर निषेध प्रदर्शन

* चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर उठाए सवाल
अमरावती/दि.28– मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर अमरावती जिला युवक कांग्रेस की ओर से चिखलदरा स्टॉप पर जोरदार आंदोलन एवं निषेध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली तथा चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की.
आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रक्रिया में जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, पारदर्शिता और संवैधानिक मूल्यों का पालन आवश्यक होने की बात कही. कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव जैसी लोकतांत्रिक प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में किसी भी प्रकार का संदेह नहीं रहना चाहिए और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पूरी तरह पारदर्शी एवं विश्वासपूर्ण होनी चाहिए. इस दौरान युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लोकतंत्र में चुनाव प्रक्रिया की विश्वसनीयता बेहद महत्वपूर्ण है. मतदाताओं का विश्वास कायम रखने के लिए चुनाव से संबंधित सभी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए.
युवक कांग्रेस की ओर से कहा गया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के मुद्दे पर संगठन अपनी आवाज उठाता रहेगा. कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों और लोकतांत्रिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा. आंदोलन में अमरावती जिला युवक कांग्रेस के जिलाध्यक्ष राहुल येवले, तालुका अध्यक्ष संदीप मुंडे, जय घोरे सहित मेलघाट युवक कांग्रेस के विभिन्न पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे. कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया.





