दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने भिड़ंत, दो की मौत, तीन गंभीर घायल

बिटोडा भोयर चौराहे के समीप हुआ भीषण हादसा, दोनों दोपहिया वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

आसेगांव /दि.28 – वाशिम-मंगरूलपीर मुख्य मार्ग पर आसेगांव थाना सीमा क्षेत्र के ग्राम बिटोडा भोयर चौराहे के समीप 27 सितंबर की शाम करीब 7.15 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि दोनों दोपहिया वाहनों के परखच्चे उड़ गए. दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए. हादसे में मृतकों के नाम मंगरुलपीर तहसील के आसेगांव निवासी फरदीन खान फिरोज खान पटेल तथा वाशिम जिले के जनुना सोनोने निवासी गणेश गजानन डाखोरे है. वहीं किसन नामदेव कालदाते, राम लठाड और मुज्जमिल खान फिरोज खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं.
जानकारी के मुताबिक पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 37 – एई – 8806 और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक एमएच 30- बीएन – 0638 के बीच बिटोडा भोयर चौराहे के समीप आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए. हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया.घटना के तुरंत बाद बिटोडा भोयर निवासी आकाश भोयर व अन्य ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर घायलों की मदद की. इसी दौरान वाशिम से अपने गंतव्य की ओर जा रहे पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रकांत ठाकरे ने भी अपना वाहन रोककर दुर्घटनाग्रस्त लोगों की मदद की और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने के प्रयास किए.हादसे की जानकारी मिलते ही आसेगांव थानेदार रामकृष्ण भाकडे पुलिस कर्मियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने में मदद की. हादसे के कारणों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है.

Back to top button