खेत के बाड़े से भैंस चोरी करने वाले गिरोह के पांच आरोपी गिरफ्तार

अमरावती ग्रामीण एलसीबी की कार्रवाई, 6.09 लाख रुपए का माल जब्त

* चोरी के लिए इस्तेमाल बोलेरो पिकअप भी बरामद
अमरावती /दि.28– खेतों के बाड़े में बंधे मवेशियों को चुराने वाले गिरोह का अमरावती ग्रामीण पुलिस की एलसीबी ने पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नकद राशि, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप समेत कुल 6 लाख 9 हजार 300 रुपए का माल जब्त किया है. गिरफ्तार आरोपियों के नाम धोतरखेडा निवासी अब्दुल अवाज अब्दुल अनीस (25), मोर्शी निवासी अब्दुल शाकिर अब्दुल साबिर (34), शेख नईम शेख रहीम (40) और मध्यप्रदेश के बैतील जिला निवासी अर्जुन बलदेव पथरिया (25) है.
जानकारी के मुताबिक 11 मई को पेठपुरा, मोर्शी निवासी गजानन महादेव सोनुले ने मोर्शी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया था कि मौजा पाला खेत शिवार स्थित उनके खेत के बाड़े में 12 भैंसें बंधी थीं. इनमें से 7 भैंस और एक हेला, कुल 8 मवेशी, अज्ञात चोरों ने चुरा लिए थे. चोरी गए मवेशियों की कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई थी. शिकायत के आधार पर मोर्शी पुलिस थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले की समानांतर जांच अमरावती ग्रामीण अपराध शाखा द्वारा भी की जा रही थी. जांच के दौरान 27 सितंबर को एलसीबी को मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को चोरी की वारदात में अब्दुल अवाज अब्दुल अनीस और उसके साथियों के शामिल होने की जानकारी मिली. पुलिस ने अब्दुल अवाज को अमरावती से हिरासत में लेकर पूछताछ की. शुरुआत में उसके द्वारा टालमटोल किए जाने की बात पुलिस ने बताई. बाद में विश्वास में लेकर पूछताछ करने पर उसने अपने साथियों के साथ मिलकर मवेशी चोरी करने की जानकारी दी. इसके बाद पुलिस ने मोर्शी और रानीपुर, जिला बैतूल, मध्य प्रदेश से उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार किया.

* एक लाख रुपए में बेचे थे चोरी के मवेशी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए मवेशियों को बिना रसीद अर्जुन बलदेव पथरिया के माध्यम से मध्य प्रदेश के भोपाल जिले के भानपुर स्थित बैल बाजार में बेच दिया गया था. आरोपियों ने कथित तौर पर चोरी के मवेशियों को करीब 1 लाख रुपए में बेचने और प्राप्त रकम को आपस में बांटने की जानकारी दी है. पुलिस ने आरोपियों के पास से 75 हजार 300 रुपए नकद, चार मोबाइल फोन तथा वारदात में इस्तेमाल बोलेरो पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 21- जी – 1970 जब्त किया है. जब्त माल की कुल कीमत 6 लाख 9 हजार 300 रुपए बताई गई है. आरोपियों को जब्त माल और प्रकरण सहित आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया है.

* एलसीबी टीम की कार्रवाई
यह कार्रवाई अमरावती ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दत्ता तोटेवाड़, पुलिस उपनिरीक्षक आकाश शिवणकर के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक अशोक लांडे, रूपेश गावंडे, विवेक घोरमाडे, शांताराम सोनोन, साइबर टीम के शिवा सिरसाट, रितेश गोस्वामी तथा चालक प्रज्वल राउत शामिल थे.

Back to top button