नेरपिंगलाई में 17 घंटे तक चला विसर्जन जुलूस

लोटांगना की परंपरा के साथ सामाजिक एकता का संदेश

* मुस्लिम समाज ने भी किया जुलूस का स्वागत
नेरपिंगलाई /दि. 26 – यहां श्रीगुरु गंगाधर स्वामी मठ संस्थान की प्रतिष्ठित गणेश मूर्तियों का विसर्जन समारोह गुरुवार आधी रात से शुक्रवार दोपहर तक भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ. करीब 17 घंटे तक चले विसर्जन जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इस दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देखने को मिला.
श्रीगुरु गंगाधर स्वामी मठ की पूजनीय गणपति मूर्ति का विसर्जन जुलूस गुरुवार रात करीब 1 बजे शुरू हुआ. इससे पहले संस्थान की ओर से श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद का आयोजन किया गया था. जुलूस गांव के विभिन्न मार्गों से गुजरने के दौरान जगह-जगह ग्रामीणों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया. ढोल-नगाड़ों की गूंज, भजन मंडलियों के अभंग-भजन, डीजे की धुन और ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयघोष से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया.
* सैकड़ों साल पुरानी लोटांगन की परंपरा कायम
विसर्जन समारोह की सबसे खास परंपराओं में से एक लोटांगन इस वर्ष भी जारी रही. विसर्जन स्थल से श्रीगुरु गंगाधर स्वामी मठ तक करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी श्रद्धालु माथा टेकते हुए और लोटांगन करते हुए तय करते हैं. सैकड़ों वर्षों से चली आ रही इस परंपरा में इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया. भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मठ तक पहुंचकर गणपति को अंतिम विदाई दी.
* मुस्लिम समाज ने किया जुलूस का स्वागत
विसर्जन जुलूस के दौरान सामाजिक सौहार्द का भी उदाहरण देखने को मिला. मुस्लिम समाज के लोगों ने जुलूस का उत्साहपूर्वक स्वागत किया. इस अवसर पर मुस्लिम भाइयों की ओर से मठाधीश तथा जुलूस में शामिल अन्य लोगों का शॉल और उपहार देकर सम्मान किया गया. इस दौरान साजिद पठान, शेख साजिद, अंसार कुरैशी, शेख रफीक, सूरज अवचार, जहीर खान सहित बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग उपस्थित थे. धार्मिक आयोजन के दौरान दोनों समुदायों की सहभागिता ने आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश दिया.

Back to top button