डीजे की आवाज को लेकर विवाद, दो पदाधिकारियों पर चाकू से हमला
गणेश विसर्जन जुलूस में चाकूबाजी

रहाटगांव प्लॉट चौक में वारदात
बीच-बचाव करने पहुंचे युवक पर भी हमला करने का प्रयास
अमरावती/दि.29 – नांदगांवपेठ थाना क्षेत्र के रहाटगांव प्लॉट चौक में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सोमवार रात करीब 7.30 बजे एक अज्ञात आरोपी ने जुलूस में घुसकर गणेश मंडल के दो पदाधिकारियों पर चाकू से हमला कर दिया. दोनों हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए. बीच-बचाव करने पहुंचे एक युवक पर भी आरोपी ने चाकू से वार करने का प्रयास किया, लेकिन वह बाल-बाल बच गया. घायलों के नाम रहाटगांव निवासी प्रवीण रमेशराव पारडे (46) और योगेश रामकृष्ण भाले (34) है. बताया गया कि दोनों राजा गणेशोत्सव मंडल के पदाधिकारी हैं. हमले के दौरान प्रवीण पारडे के बेटे अश्विन प्रवीण पारडे ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया. आरोपी ने उस पर भी चाकू से वार करने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया.
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात राजा गणेशोत्सव मंडल की ओर से गणेश विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस के लिए पुलिस का बंदोबस्त भी तैनात था. जुलूस जब रहाटगांव प्लॉट चौक पहुंचा, तो मंडल के पदाधिकारी, सदस्य और अन्य युवक कुछ देर के लिए रुककर डीजे की धुन पर नाचने लगे. इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति वहां पहुंचा और डीजे की आवाज कम करने को लेकर मंडल के पदाधिकारियों से विवाद करने लगा. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपी ने चाकू निकालकर प्रवीण पारडे तथा योगेश भाले पर हमला कर दिया. बीच-बचाव करने आए अश्विन पारडे पर भी हमले का प्रयास किया गया. पुलिस का बंदोबस्त मौजूद होने के बावजूद आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया. घटना के बाद नांदगांवपेठ पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है.





