विनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए विदर्भ अंडर-19 टीम में दो खिलाड़ी मुख्य टीम में
अमरावती के तीन सितारों का कमाल

एक खिलाडी स्टैंड-बाय में
अमरावती/दि.29 – संत गजानन महाराज क्रिकेट अकादमी एक बार फिर विदर्भ क्रिकेट की नर्सरी साबित हुई है. अकादमी के दो अंडर-19 क्रिकेटरों का चयन प्रतिष्ठित विनू मांकड़ ट्रॉफी के लिए विदर्भ अंडर-19 टीम में हुआ है, जबकि तीसरे खिलाड़ी को स्टैंड-बाय में रखा गया है.
सोमवार को घोषित की गई 15 सदस्यीय टीम 10 से 16 अक्टूबर 2026 तक चंडीगढ़ में एलीट ग्रुप सी के लीग मैच खेलेगी. अमरावती के बाएं हाथ के मध्यम तेज गेंदबाज मंथन काले* और आक्रामक ओपनर बल्लेबाज आयुष चौधरकर को मुख्य टीम में शामिल किया गया है. वहीं, होनहार ऑलराउंडर वीर चिखलकर को स्टैंड-बाय में रखा गया है. तीनों खिलाड़ी संत गजानन महाराज क्रिकेट अकादमी की देन हैं और कोच संदीप गवांदे के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग करते हैं. शिवाजी आइडियल स्कूल के छात्र मंथन ने नई गेंद को स्विंग कराने और डेथ ओवरों में कसी हुई गेंदबाजी से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है. शिवाजी जूनियर कॉलेज, खारतलेगांव में पढ़ने वाले आयुष अपनी ठोस तकनीक और तेज शुरुआत देने की क्षमता के लिए जाने जाते हैं. गोल्डन किड्स जूनियर कॉलेज के छात्र वीर ने बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है.
कोच संदीप गवांदे ने तीनों को बधाई दी और टूर्नामेंट के लिए शुभकामनाएं दीं. गवांदे ने कहा, तीनों ने पिछले दो सीजन में बहुत मेहनत की है. उनका चयन अनुशासन और लगातार प्रदर्शन का नतीजा है. मुझे पूरा विश्वास है कि वे चंदीगढ़ में अमरावती और विदर्भ का नाम रोशन करेंगे. उल्लेखनीय है कि इससे कुछ दिन पहले ही इसी अकादमी की तीन लड़कियों का चयन तिरुवनंतपुरम में होने वाले अंडर-19 महिला टी20 एलीट ग्रुप टूर्नामेंट के लिए विदर्भ अंडर-19 महिला टीम में हुआ था – जो विदर्भ के आयु-समूह क्रिकेट में अकादमी के बढ़ते दबदबे को दर्शाता है. विदर्भ को कठिन एलीट ग्रुप सी में रखा गया है और टीम अगले सप्ताह चंदीगढ़ में अपने अभियान की शुरुआत करेगी.





