पेट्रोल नहीं देने पर कर्मचारी पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने की कोशिश

पंप बंद होने के बावजूद पेट्रोल मांग रहे थे 8-9 युवक

विरोध करने पर सिर पर सीमेंट का ब्लॉक मारा, ट्रैक्टर चालक ने बचाई जान
अमरावती/दि.30 – कुर्‍हा-आर्वी मार्ग पर मारडा शिवार स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई. पेट्रोल पंप बंद होने के बाद भी पेट्रोल मांग रहे नशे में धुत 8 से 9 अज्ञात युवकों ने पंप कर्मचारी के साथ मारपीट की. आरोप है कि युवकों ने पहले उसकी बाइक से पेट्रोल निकाला और विरोध करने पर कर्मचारी के सिर पर सीमेंट का ब्लॉक मार दिया. इसके बाद उसके शरीर पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगाने की कोशिश की. जान बचाने के लिए कर्मचारी सड़क की ओर भागा, तभी वहां से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने बीच-बचाव कर उसे हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया. घटना में घायल कर्मचारी का नाम बोर्डा निवासी यश राजेंद्र करपते (22) है. कुर्‍हा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक सोमवार रात करीब 10.07 बजे पेट्रोल पंप बंद हो गया था. इसके बाद कर्मचारी यश करपते और सिक्योरिटी गार्ड विश्वनाथ जीरापुरे पंप के केबिन में सो रहे थे. रात करीब 2.30 बजे बाइक पर 8 से 9 अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पेट्रोल की मांग करने लगे. पंप बंद होने के कारण यश ने पेट्रोल देने से मना कर दिया.

* बाइक से पेट्रोल निकालने पर किया विरोध
पेट्रोल नहीं मिलने पर आरोपियों ने केबिन के बाहर खड़ी यश की बाइक से पेट्रोल निकालकर एक बोतल में भर लिया. यश ने इसका विरोध किया तो 5 से 6 युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. इसी दौरान एक आरोपी ने उसके सिर पर सीमेंट का ब्लॉक फेंक दिया. हमले में यश के सिर से खून बहने लगा.

* पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगाने की कोशिश
मारपीट के बाद भी हमलावर नहीं रुके. आरोप है कि उन्होंने बोतल में भरा पेट्रोल यश के शरीर पर डाल दिया और माचिस से उसे आग लगाने की कोशिश की. स्थिति गंभीर होते देख यश जान बचाने के लिए सड़क की ओर दौड़ पड़ा.

* ट्रैक्टर चालक बना ‘फरिश्ता’
यश को भागता देख पास से गुजर रहे एक ट्रैक्टर चालक ने तुरंत वाहन रोका और उसकी मदद के लिए पहुंच गया. उसने बीच-बचाव करते हुए यश को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया. इसके बाद आरोपियों के वहां से फरार होने की जानकारी है. घटना की सूचना मिलने के बाद कुर्‍हा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की है.

Back to top button