वृद्ध कलाकार मानधन योजना में लाभार्थियों का लक्ष्य बढ़ाने की मांग
अमरावती के कलाकारों ने 100 से बढ़ाकर 300 करने का प्रस्ताव सांस्कृतिक कार्य मंत्री को भेजने की मांग की

प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमरावती/दि.30– राजर्षि शाहू महाराज वरिष्ठ साहित्यकार एवं वृद्ध कलाकार मानधन सम्मान योजना के तहत अमरावती जिले में लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने की मांग जोर पकड़ रही है. अमरावती जिला संगीत कलाकार संघ ने योजना के तहत लाभार्थियों का वार्षिक लक्ष्य 100 से बढ़ाकर कम से कम 300 करने के लिए सांस्कृतिक कार्य मंत्री को प्रस्ताव भेजने की मांग की है.
इस संबंध में संघ के जिलाध्यक्ष हरीब हजारे ने संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन देकर बताया कि अमरावती जिला संगीत, साहित्य और लोककला की समृद्ध परंपरा के लिए जाना जाता है. संघ वर्ष 2019 से जिले के पुराने कलाकारों के हितों के लिए कार्य कर रहा है. संगठन से भगवतकर, प्रवचनकार, कीर्तनकार, राष्ट्रीय कीर्तनकार, नाटककार, नर्तक, गायक, संगीतकार सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कलाकार जुड़े हुए हैं.
* 500-600 आवेदन, लेकिन लक्ष्य सिर्फ 100
संघ के अनुसार, राजर्षि शाहू महाराज वरिष्ठ साहित्यकार एवं वृद्ध कलाकार मानधन सम्मान योजना के तहत 50 वर्ष की आयु पूरी कर चुके पात्र कलाकारों से ऑनलाइन आवेदन मंगाए जाते हैं. हर वर्ष जिले में करीब 500 से 600 कलाकार आवेदन करते हैं, लेकिन निर्धारित सरकारी लक्ष्य के कारण इनमें से केवल 100 लाभार्थियों का चयन हो पाता है. संघ का कहना है कि बड़ी संख्या में पात्र कलाकार आवेदन करने के बावजूद लक्ष्य सीमित होने के कारण अनेक कलाकार योजना के लाभ से वंचित रह जाते हैं. ऐसे कलाकारों को अगले अवसर पर दोबारा ऑनलाइन आवेदन करना पड़ता है.
* अमरावती में बड़ी संख्या में आते हैं आवेदन
ज्ञापन में कहा गया है कि अमरावती संत तुकड़ोजी महाराज और संत गाडगे महाराज की कर्मभूमि रही है. जिले में वारकरी परंपरा के साथ-साथ लोककला, संगीत और साहित्य से जुड़े बड़ी संख्या में कलाकार हैं. इसलिए यहां हर वर्ष इस योजना के लिए बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त होते हैं. सरकार के 16 मार्च 2024 के शासन निर्णय के अनुसार लाभार्थियों के लिए निर्धारित वर्गों और संख्या का उल्लेख करते हुए संघ ने कहा कि मौजूदा लक्ष्य जिले की जरूरत की तुलना में कम है. इसलिए शासन निर्णय में आवश्यक संशोधन कर अमरावती जिले के लिए लाभार्थियों का लक्ष्य बढ़ाया जाना चाहिए.
* मंत्री आशीष शेलार से हस्तक्षेप की मांग
संघ ने सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार से मांग की है कि अमरावती जिले की वास्तविक स्थिति को ध्यान में रखते हुए सरकार के समक्ष प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाए और वृद्ध कलाकारों के हित में योजना के लाभार्थियों की संख्या बढ़ाकर कम से कम 300 की जाए. संघ का कहना है कि लक्ष्य बढ़ने से वर्षों से कला और साहित्य के क्षेत्र में योगदान देने वाले अधिक वरिष्ठ कलाकारों को आर्थिक सहायता और सम्मान मिल सकेगा. ज्ञापन पर पराग पडवाड, मुकुंद थोरात, अल्पेश फुसे, संजीव देशमुख, अंकित येवतकर, स्वप्नील श्रृंगारे, वेदांत कठाले, अमर कनसे, प्रमोद बारखडे, आकाश सारवान, मनीष उमेकर, संतोष मानकर, कामिनी खैरे, श्याम डोंगरे, राजेश लकडे, किरण महाराज राउत, मनोज विंचुरकर, दर्शन देशमुख, ऋषिकेश देशमुख, श्याम खडाने ेसहित अन्य पदाधिकारियों के नाम दर्ज हैं. संघ के जिलाध्यक्ष हरीब हजारे ने सरकार से इस मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है.





